यूपी में अचानक छा गया अंधेरा ! हुई झमाझम बारिश, आंधी-तूफान का अलर्ट, आगे कैसा रहेगा मौसम IMD ने बताया…
सांकेतिक तस्वीर / (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)
यूपी में अचानक छा गया अंधेरा ! हुई झमाझम बारिश, आंधी-तूफान का अलर्ट, आगे कैसा रहेगा मौसम IMD ने बताया…
यूपी में मंगलवार सुबह मौसम फिर बदल गया. पश्चिम यूपी में बरेली, मेरठ, मुरादाबाद, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, अमरोहा, संभल और बिजनौर में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश हुई. इससे पहले, अचानक काले बादल छा गए. धूलभरी आंधी चली. दिन में अंधेरा छा गया. वहीं, पूर्वी यूपी में मौसम साफ है.
मौसम विभाग ने आज मंगलवार को 38 जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है. कुछ इलाकों में ओले और बिजली भी गिर सकती है.
सोमवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान 42°C के करीब पहुंच गया. बांदा सबसे गर्म शहर रहा. यहां पारा 41.6°C रिकॉर्ड किया गया. लगभग सभी जिलों का न्यूनतम तापमान भी 20°C के पार रिकॉर्ड किया गया. इससे रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिली.
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- “यूपी में आज और कल मौसम बदला रहेगा. तेज हवाओं के साथ बारिश होगी. हवा की रफ्तार 50 किमी. प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. बारिश से तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिलेगी. 14 मई से गर्मी अपने तेवर दिखाएगी. तापमान में 6 से 8 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी. पारा 45 डिग्री के पार जाएगा.”
बात अगर अगले 5 दिनों की करें तो 13 मई को पूरे प्रदेश में बादए छाए रहेंगे. पूर्वी यूपी में गरज-चमक के साथ बारिश होगी. आंधी चलेगी. 14 मई को पूर्वी-पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहेगा. तेज धूप निकलेगी. कहीं-कहीं रातें भी गर्म होंगी. 15 मई को पूरे प्रदेश में तेज धूप निकलेगी. आसमान साफ रहेगा. पारा 45°C तक पहुंच सकता है.16 मई आसमान साफ रहने और तेज धूप से गर्मी बढ़ेगी. रात में भी गर्मी का एहसास होगा. जबकि 17 मई को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा, साथ ही आंधी-बारिश का भी कोई अलर्ट नहीं है.
