यूपी में मौसम का ‘हाई अलर्ट’: बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी, आ सकता आंधी-तूफान
सांकेतिक तस्वीर (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)
यूपी में मौसम का ‘हाई अलर्ट’: बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी, आ सकता आंधी-तूफान
लखनऊ | उत्तर प्रदेश में मौसम को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने जिला-वार चेतावनी जारी करते हुए राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और आंधी के साथ बारिश का अलर्ट दिया है. आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने की संभावना है, जिसका असर प्रदेश के प्रमुख शहरों में साफ दिखाई देगा.
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश दोनों ही क्षेत्रों में इसका प्रभाव दिखेगा. लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, महराजगंज, मेरठ, गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं की आशंका जताई गई है. ऐसे में अचानक मौसम बिगड़ सकता है और इससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है.
IMD ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. गरज-चमक के दौरान खुले में न रहें, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें. मौसम खराब होने पर खेतों में काम कर रहे लोग तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाए.
मौसम में इस बदलाव की मुख्य वजह पश्चिमी विक्षोभ है, जो भूमध्य सागर से नमी लेकर उत्तर भारत में सक्रिय होता है. 3 और 4 अप्रैल को सक्रिय रहे पश्चिमी विक्षोभ का असर अभी जारी है, जबकि 7 से 9 अप्रैल के बीच एक और शक्तिशाली सिस्टम देश के बड़े हिस्से को प्रभावित कर सकता है. इसका असर राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, बिहार और झारखंड सहित कई राज्यों में देखने को मिलेगा.
मौसम विभाग ने किसानों को भी सतर्क रहने की सलाह दी है. गेहूं की तैयार फसल को नुकसान से बचाने के लिए समय से कटाई करने को कहा गया है. विशेषज्ञों के अनुसार, 7 से 10 अप्रैल के बीच बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बनी रहेगी, जबकि इसके बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है.
Hindi Post Dot In
