UP: दो बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़, एक की मौत दूसरा जख्मी, दो पुलिसकर्मी भी घायल
पुलिस की हिरासत में घायल बदमाश
यूपी के कन्नौज में पांच दिसंबर की शाम को सर्राफा व्यापारी से लूट और हत्या की वारदात हुई थी. इस घटना को कथित तौर पर अंजाम देने वाले दो बदमाश आज पुलिस के हत्थे चढ़ गए. इस दौरान पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की तो दोनों बदमाशों को गोली लग गई. इस मुठभेड़ में एक बदमाश की मौत हो गई है जबकि दूसरा घायल हो गया है. घायल बदमाश का इलाज कराया जा रहा है.
पुलिस की इस कार्रवाई में दो जवान भी जख्मी हुए है. उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जानकारी के अनुसार, दोनों बदमाश समधन कस्बा के रहने वाले थे. उनकी पहचान इजहार और तालिब के रूप में हुई है. इजहार की मौत हो गई, जबकि तालिब जख्मी हुआ है. तालिब का इलाज किया जा रहा है.
इस मुठभेड़ में गुरसहायगंज कोतवाली के दो सिपाही अमन कुमार और विमल घायल हुए हैं. एसपी अमित कुमार आनंद ने मौके पर पहुंच कर मुठभेड़ की जानकारी ली. उन्होंने बताया कि गुरुवार सुबह मुठभेड़ गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के ही जहांगीरपुर के करीब महोना-रामाश्रम के पास जीटी रोड किनारे हुई.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
