छात्रा के साथ कथित यौन शोषण की खबर पर भड़के छात्र, विश्वविद्यालय में हुई तोड़फोड़, लगाई गई आग, हाइवे किया गया जाम, भारी बवाल
छात्रा के साथ कथित यौन शोषण की खबर पर भड़के छात्र, विश्वविद्यालय में हुई तोड़फोड़, लगाई गई आग, हाइवे किया गया जाम, भारी बवाल
चंडीगढ़ | जालंधर (पंजाब) में स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में रविवार देर रात सैकड़ों छात्रों ने जमकर विरोध-प्रदर्शन किया. अधिकारियों और छात्रों के अनुसार, सोशल मीडिया पर किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा परिसर के भीतर एक छात्रा से दुष्कर्म किए जाने की अफवाह फैलने के बाद यह बवाल हुआ. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने संपत्ति में तोड़फोड़ की, आगजनी की और राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया.
खबर लिखे जाने तक पुलिस ने दुष्कर्म से संबंधित किसी भी शिकायत की पुष्टि नहीं की थी, न ही इस कथित घटना की कोई स्वतंत्र पुष्टि हो सकी है.
पुलिस ने बताया कि लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में हुए इस हंगामे के चलते प्रदर्शनकारियों ने जालंधर-फगवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग को कई घंटों तक अवरुद्ध रखा. वहीं, विश्वविद्यालय परिसर में संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया और कुछ चीजों में आग भी लगा दी गई.
एलपीयू प्रशासन ने सभी आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है. एलपीयू की रजिस्ट्रार मोनिका गुलाटी ने एक बयान में कहा, “जो भी अफवाहें फैलाई जा रही हैं उनमें रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है.”
उन्होंने छात्रों, अभिभावकों और आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की. उन्होंने भ्रामक दावों को शेयर करने से बचने को कहा. उन्होंने सभी से सिर्फ यूनिवर्सिटी के आधिकारिक बयानों पर भरोसा करने को कहा.
गुलाटी ने कहा कि विश्वविद्यालय के संज्ञान में आया है कि ‘असामाजिक तत्व’ सोशल मीडिया और अन्य मंचों के जरिए झूठी और मनगढ़ंत जानकारियां फैला रहे हैं जिससे छात्रों में भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है और शैक्षणिक माहौल प्रभावित हो रहा है.
उन्होंने इसे यूनिवर्सिटी की साख गिराने और छवि बिगाड़ने की सोची-समझी साजिश बताया.
परिसर में प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांग है कि विश्वविद्यालय प्रशासन इस मामले में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कर जांच करे. कुछ प्रदर्शनकारियों ने यौन उत्पीड़न होने का आरोप लगाते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन पर घटना को दबाने का आरोप लगाया. छात्रों ने यह भी दावा किया कि तोड़फोड़ की घटनाओं में बाहरी तत्व शामिल थे.
पटियाला जिले के राजपुरा स्थित चितकारा यूनिवर्सिटी में हुए हंगामे के बाद, पंजाब के किसी निजी विश्वविद्यालय में पिछले दो दिनों के भीतर यह दूसरा बड़ा छात्र प्रदर्शन है.
चितकारा यूनिवर्सिटी में शुक्रवार देर रात और शनिवार सुबह सैकड़ों छात्रों ने उस समय प्रदर्शन शुरू कर दिया था जब सोशल मीडिया पर दो छात्राओं के लापता होने की अपुष्ट अफवाहें फैल गई थीं.
बवाल बढ़ने पर छात्रों की पुलिस से झड़प हो गई थी. इस दौरान दो गाड़ियां को तोड़ा गया था और कैंपस की संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा था.
ये दोनों घटनाएं रेखांकित करती हैं कि इंटरनेट पर फैलने वाली अपुष्ट खबरें कितनी तेजी से छात्रों के बड़े जमावड़े और विश्वविद्यालयों में अशांति का कारण बन सकती हैं. दोनों ही विश्वविद्यालयों में प्रशासन स्थिति की लगातार समीक्षा कर रहा है और सोशल मीडिया पर वायरल दावों की सच्चाई की जांच में जुटा है.
By IANS
पंजाब की एक और प्राइवेट यूनिवर्सिटी में ‘अफवाहों’ को लेकर हंगामा, छात्रों ने जाम किया हाईवे
अस्वीकरण: यह लेख समाचार एजेंसी IANS द्वारा लिखा गया है. TheHindiPost.In ने इसे न तो लिखा, न संपादित किया है और न ही स्वतंत्र रूप से सत्यापित किया है. TheHindiPost.In इस लेख में दी गई जानकारी के लिए किसी भी प्रकार की जिम्मेदारी नहीं लेता है.
