मंच पर बैठे बीजेपी विधायक को बुजुर्ग ने मारा थप्पड़, विधायक बोले यह मेरे पिता तुल्य है, जब मिलते है तो टीप मार देते है

BJP MLA Slapped
The Hindi Post

उन्नाव सदर से बीजेपी विधायक पंकज गुप्ता को एक जनसभा के दौरान एक बुजुर्ग व्यक्ति ने थप्पड़ मार दिया। यह तब हुआ जब विधायक मंच पर आसीन थे। इस घटना का एक वीडियो अब वायरल हो रहा है। समाजवादी पार्टी ने भी ट्विटर पर इस वीडियो को जारी किया है।

समाजवादी पार्टी ने ट्विटर पर लिखा कि, “उन्नाव सदर से भाजपा विधायक पंकज गुप्ता को आयोजित जनसभा में किसान नेता ने सार्वजनिक रूप से मंच पर ही थप्पड़ जड़ दिया , किसान द्वारा मारा गया ये थप्पड़ भाजपा विधायक को नहीं बल्कि यूपी की भाजपा शासित आदित्यनाथ सरकार की कुनीतियों ,कुशासन और तानाशाही के मुंह पर जड़ा गया थप्पड़ है!”

वीडियो में देखा जा सकता है की एक हरि और सफेद टोपी लगाकर बुजुर्ग व्यक्ति मंच पर आते है और अपना हाथ विधायक पंकज गुप्ता की तरफ बढ़ाते है। विधायक यह समझते है कि बुजुर्ग उनसे कुछ कहने आए है इसलिए वह उनकी तरफ ध्यान देते है। इतने में ही वह व्यक्ति विधायक के सिर पर ज़ोर से थप्पड़ मार देते है।

इस घटना के होते ही, विधायक के साथ के और पार्टी के लोग बुजुर्ग को वहां से हटा देते है।

क्या बोले विधायक पंकज गुप्ता?

बीजेपी विधायक पंकज गुप्ता की भी प्रतिक्रिया इस घटना पर आ गई है। उन्होंने कहा कि, “यह हमारे छत्रपाल चाचा है। यह पिता तुल्य है। यह हमारे पारिवारिक है। यह हमसे हमेशा मिलते जुलते रहे है। हमने साथ में काम भी किया है राजनीति में। उस दिन हमारा कार्यक्रम बालिहार में था। चाचा भी वहाँ पर थे। चाचा वहाँ मंच पर पहुँचे और हमने उनके पैर छुए और आशीर्वाद लिया। और जैसा टीप नही मारा जाता है बच्चों को वैसे ही यह जब भी हमसे मिलते है तो ऐसे ही करते है। तो स्नेह और प्रेम के माध्यम से उन्होंने वो प्रेम किया और लोगों ने .. क्योंकि विपक्ष के पास कोई मुद्दे नही है.. और विशेष कर हमारे उन्नाव विधानसभा में विपक्ष पूरी तरह से हताश है, पराजित है, उनके पास प्रत्याशी नही है। इसलिए इस घटना को इस दृष्टि से दिखाया कि इन्होंने हमारे चाटा मारा। ऐसा कुछ नही है।”

उन्होंने आगे कहा कि, “यह दुष्प्रचार है। ऐसा करके पार्टी को, हमको, आदरणीय मोदी जी और योगी जी जो काम कर रहे है, उससे निराश लोग, दुखी होकर इस तरह का अनर्गल बयान दे रहे है।’

जब उनसे यह पूछा गया कि यह कब का वीडियो है तो विधायक ने कहा कि यह दो दिन पहले कार्यक्रम हुआ था जिसमे गुलाब सिंह लोधी जी की प्रतिमा का अनावरण था। इसके साथ साथ कल्याण सिंह जी की जयंती का कार्यक्रम था, उस कार्यक्रम में सांसद साक्षी जी महाराज के साथ हम लोग गए थे।

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क

हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!