AI समिट में ‘शर्टलेस’ प्रदर्शन पर यूथ कांग्रेस अध्यक्ष गिरफ्तार, राहुल गांधी ने दी प्रतिक्रिया, क्या कहा…?
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर विरोध-प्रदर्शन को हर भारतीय का लोकतांत्रिक अधिकार बताया / (फोटो क्रेडिट : सोशल मीडिया)
AI समिट में ‘शर्टलेस’ प्रदर्शन पर यूथ कांग्रेस अध्यक्ष गिरफ्तार, राहुल गांधी ने दी प्रतिक्रिया, क्या कहा…?
नई दिल्ली | भारत मंडपम (नई दिल्ली) में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए ‘शर्टलेस प्रोटेस्ट’ के सिलसिले में दिल्ली पुलिस ने इंडियन यूथ कांग्रेस (युवा कांग्रेस) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया है. कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इस गिरफ्तारी का विरोध किया है.
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि उदय भानु चिब की गिरफ्तारी तानाशाही प्रवृत्ति और कायरता का प्रमाण है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने लिखा कि शांतिपूर्ण विरोध हमारी ऐतिहासिक धरोहर है. यह हमारे खून में है और हर भारतीय का लोकतांत्रिक अधिकार है. मुझे युवा कांग्रेस के अपने बब्बर शेर साथियों पर गर्व है जिन्होंने निडर होकर देश के हित में आवाज उठाई है. अमेरिका के साथ हुए ट्रेड डील में देश के हितों से समझौता किया गया है. यह समझौता हमारे किसानों और टेक्सटाइल उद्योग को नुकसान पहुंचाएगा तथा हमारे डेटा को अमेरिका के हाथों में सौंप देगा.
मोदी जी, आप शर्म की बात करते हो? शर्म की बात मैं आपको बताता हूं।
Epstein files में आपका, आपके मंत्री और आपके मित्र का साथ में नाम आना, ऐसे घिनौने अपराधी के साथ आपका नाम जुड़ा होना – ये शर्म की बात है।
आपने अमेरिका के साथ जो Trade deal की है, जिसमें आपने देश को बेच दिया – ये… pic.twitter.com/fLFJf4SjNC
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) February 23, 2026
उन्होंने आगे कहा, “इस सच्चाई को देश के सामने रखने के लिए युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब और इंडियन यूथ कांग्रेस के अन्य साथियों की गिरफ्तारी तानाशाही प्रवृत्ति और कायरता का प्रमाण है. कांग्रेस पार्टी और मैं अपने बब्बर शेर साथियों के साथ मजबूती से खड़े हैं. सत्ता को सच का आईना दिखाना अपराध नहीं, देशभक्ति है. डरो मत-सच और संविधान हमारे साथ हैं.”
दिल्ली पुलिस सूत्रों के अनुसार, पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन के पीछे किस तरह की संगठित योजना थी. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
इससे पहले सोमवार को आरोपियों जितेंद्र यादव, राजा गुर्जर व अजय कुमार सहित अन्य लोगों के साथ गिरफ्तार किया गया था.
बता दें कि एआई समिट में यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर हंगामे के बाद पुलिस ने सार्वजनिक शांति भंग करने समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था. अब तक इस प्रकरण में कुल आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है जिनमें उदय भानु चिब भी शामिल हैं.
