तनिष्क ज्वेलरी शोरूम में दिनदहाड़े हुई करोड़ों की लूट का मामला: बदमाशों ने पुलिस पर कर दी फायरिंग, पुलिस ने….

jewellery loot in Bhojpur Tanishq showroom (1)

शोरूम में लूटपाट करते हुए बदमाश (वीडियो से लिया गया)

The Hindi Post

आरा | बिहार के भोजपुर जिले में एक ज्वेलरी शोरूम में लूट की घटना के बाद छापेमारी में जुटी पुलिस की अपराधियों के साथ मुठभेड़ हो गई. इस मुठभेड़ में दो बदमाशों को गोली लगी है जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने इनके पास से आभूषणों से भरे दो थैले और हथियार भी बरामद किए हैं.

दरअसल, आरा में अज्ञात अपराधियों ने सोमवार को एक बड़ी घटना को अंजाम देते हुए एक ज्वेलरी शोरूम में धावा बोल दिया और वहां लूटपाट की और आराम से फरार हो गए.

शोरूम के कर्मचारियों के मुताबिक, जब स्टॉक निकाला ही जा रहा था तभी सात से आठ अपराधी शोरूम पहुंच गए और हथियार के बल पर सभी कर्मचारियों को अपने कब्जे में लिया और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जिन जेवरातों की लूट की गई उनकी अनुमानित कीमत लगभग 25 करोड़ है. इस घटना के बाद पुलिस सक्रिय हुई और अपराधियों की तलाश में जुट गई.

पुलिस के मुताबिक, घटना के तत्काल बाद पुलिस अधीक्षक भोजपुर के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों ने सघन वाहन चेकिंग शुरू की. अपराधियों की पहचान के लिए जिले के व्हाट्सएप ग्रुप पर सीसीटीवी फुटेज से प्राप्त फोटोग्राफ्स भी डाले गए. इसी दौरान, बड़हरा थाना प्रभारी अन्य पुलिसकर्मियों के साथ बबुरा छोटी पुल पर चेकिंग कर रहे थे. इसी बीच, तीन मोटरसाइकिल पर सवार छह संदिग्ध तेज गति से आरा-बबूरा से डोरीगंज की ओर जाते हुए दिखाई दिए. उन्हें रुकने का इशारा किया गया लेकिन वे और तेजी से डोरीगंज की तरफ भागने लगे.

बड़हरा थाना की गश्ती गाड़ी द्वारा उन्हें घेरकर रोकने का प्रयास किया गया तो एक बाइक सवार गश्ती गाड़ी से टकराते हुए भागने का प्रयास करने लगा. कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद अपराधी बाइक छोड़कर बबुरा बिंदगामा बधार की ओर भागे और पुलिस पर फायरिंग कर दी.

पुलिसकर्मियों ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें भाग रहे दो अपराधियों के पैरों के आसपास गोली लगी. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दोनों घायलों की पहचान सारण जिले के दिघवारा निवासी विशाल गुप्ता और सोनपुर निवासी कुणाल कुमार के रूप में की गई है. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

 

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!