बिहार: बेगूसराय में बाइक सवार बदमाशों का आतंक, रोड पर खुलेआम की फायरिंग, 10 लोग घायल 1 की मौत
फोटो: आईएएनएस
बेगूसराय | बिहार के बेगूसराय में मोटर साइकिल सवार दो युवकों ने आते-जाते लोगों पर अंधाधुंध गोलीबारी कर दी. यह घटना मंगलवार शाम को हुई. इस घटना में 10 लोग गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक की पहचान चंदन कुमार के रूप में हुई है. घायलों को बेगूसराय के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज जारी है.
पुलिस के मुताबिक, बाइक सवारों ने बछवाड़ा, तेघड़ा, फुलवरिया और चकिया थाना क्षेत्रों में अंधाधुंध फायरिंग की. फायरिंग करने वाले युवकों का अभी कुछ पता नहीं चल पाया है. पुलिस उनकी पहचान करने की कोशिश कर रही है.
इस मामले में बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक (एसपी) योगेंद्र कुमार ने बताया कि मंगलवार की शाम होते ही बाइक सवार युवकों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अंधाधुंध फायरिंग की. अब तक करीब 11 लोगों को गोली लगने की सूचना मिली है. एक व्यक्ति की मौत हुई है. एसपी ने कहा सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है. जिले में नाकाबंदी भी की गई है.
बेगूसराय में बेखौफ बदमाशों की अंधाधुंध फायरिंग.. 10 लोगों को लगी गोली.. एक की मौत.. @girirajsinghbjp #begusarai #gunshots #crime pic.twitter.com/gn9GSA52fT
— ajay pathak (@ajaypathak2301) September 13, 2022
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. पुलिस की तरफ से जारी सीसीटीवी फुटेज में दोनों युवक एक बाइक पर सवार दिख रहे हैं.
फुटैज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि बाइक चला रहे साइको शूटर ने हेलमेट पहन रखा है जबकि उसके पीछे बैठे अपराधी ने तौलिया से अपना चेहरा ढका हुआ है.
पुलिस मुख्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि आसपास के जिलों को भी अलर्ट कर दिया गया है.
इधर, विपक्ष इस घटना के बाद कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को घेर रहा है। विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि इतनी बड़ी घटना के बाद पुलिस की पोल खुल गई है. उन्होंने कहा कि पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ियां कहां थी.
आईएएनएस
