हाइटेंशन लाइन से छू गई लोगों से भरी बस, करंट दौड़ते ही लगी भीषण आग, दो की दर्दनाक मौत…..
फोटो क्रेडिट: आईएएनएस
हाइटेंशन लाइन से छू गई लोगों से भरी बस, करंट दौड़ते ही लगी भीषण आग, दो की दर्दनाक मौत…..
जयपुर | राजस्थान की राजधानी जयपुर के मनोहरपुर इलाके में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया. यहां एक स्लीपर बस हाई टेंशन वायर की चपेट में आ गई. इस कारण बस में सवार दो लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य झुलस गए.
जानकारी के अनुसार, बस में मजदूर सवार थे. उन्हें ईंट भट्टे पर काम के लिए लेकर जाया जा रहा था.
अधिकारियों के अनुसार, जब यह हादसा हुआ तब मजदूरों को टोडी गांव स्थित एक ईंट भट्टे पर ले जाया जा रहा था.
बताया जा रहा है कि ऊपर से गुजर रही हाई-टेंशन वायर (तार) से बस टकरा गई जिससे उसमें करंट दौड़ गया और आग लग गई. स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने जलती हुई बस में फंसे लोगों को बचाने की कोशिश की.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इससे पहले यात्रियों को बस से निकाला जा पाता कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे.
गांव वालों ने दावा किया कि वे हाई-टेंशन तारों को हटाने या उनकी ऊंचाई बढ़ाने का आग्रह कई बार कर चुके हैं पर कोई कार्रवाई नहीं हुई.
घटना की सूचना मिलते ही जयपुर के जिला कलेक्टर जितेंद्र सोनी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे.
बचाव कार्यों में सहायता के लिए जिला पुलिस और नागरिक सुरक्षा दल की एक टीम को तैनात किया गया है. घायलों को पहले शाहपुरा उप-जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने दो श्रमिकों को मृत घोषित कर दिया.
गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को जयपुर के सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल रेफर किया गया है.
पुलिस ने बस चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है. इस घटना की जांच शुरू हो गई है.
मृतकों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है लेकिन माना जा रहा है कि वे स्थानीय ईंट भट्टे पर काम करने वाले प्रवासी मजदूर थे.
राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि बस दुर्घटना में जनहानि का समाचार सुनकर मन अत्यंत व्यथित है. उन्होंने बताया कि दुर्घटना की सूचना प्राप्त होते ही संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.
पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया है.
IANS
