केवल 400 रूपए के लिए दो दोस्तों ने की युवक की हत्या
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
उत्तरपूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में दो लोगों ने एक व्यक्ति से 400 रुपये और मोबाइल फोन लूटने के बाद उसकी हत्या कर दी. एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को बताया कि दोनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
आरोपियों की पहचान वेलकम इलाके में जनता मजदूर कॉलोनी के रहने वाले शहजाद (20) और ताहिर (36) के रूप में हुई हैं. उन्होंने सिर्फ 400 रुपये और मोबाइल फोन लूटने के लिए शख्स की हत्या कर दी.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंगलवार सुबह 7:55 बजे वेलकम थाने में एक फोन कॉल आया था जिसमें यह सूचना दी गई कि सामुदायिक केंद्र, वेस्ट गोरख पार्क के पास सड़क पर एक पुरुष का शव पड़ा हैं.
पुलिस उपायुक्त (उत्तरपूर्व) जॉय टिर्की ने कहा, “युवक के शरीर पर चाकू से वार के चार निशान थे – एक गर्दन की बाईं ओर और तीन छाती पर.”
मृतक की पहचान सीलमपुर निवासी विजय (26) के रूप में हुई. अधिकारियों ने कहा कि विजय वर्तमान में बेरोजगार था और वह अपनी तीन बहनों पर निर्भर था. उनके माता-पिता का निधन हो चुका हैं.
पुलिस ने बताया कि विजय की हत्या को शहजाद और ताहिर ने अंजाम दिया. शहजाद ई-रिक्शा चलाता हैं. उसने पुलिस के सामने हत्या करने की बात को कबूला हैं.
शहजाद के ई-रिक्शा पर विजय यात्रा कर रहा था. इस दौरान, शहजाद और ताहिर ने विजय से चाकू की नोक पर उसका मोबाइल फोन और 400 रुपये लूट लिए. जब विजय ने विरोध किया तो उन्होंने उस पर चाकू से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया.
डीसीपी ने कहा, “लूटा हुआ मोबाइल फोन, सिम कार्ड, आरोपियों द्वारा पहने गए खून से सने कपड़े और अपराध में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा – बरामद कर लिया गया हैं.”
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
