रोता बिलखता रहा मासूम छात्र लेकिन टीचर को नहीं आया तरस, बस इतनी सी बात पर जला दिए हाथ, गिरफ्तार

meta ai

सांकेतिक तस्वीर / (फोटो क्रेडिट : Meta/AI)

The Hindi Post

महाराष्ट्र से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला टीचर ने 8 वर्षीय मासूम की हथेली मोमबत्ती से जला दी. ऐसा उसने कथित तौर पर बच्चे की खराब हैंडराइटिंग के कारण किया. टीचर ने ऐसा छात्र को “सजा” देने के लिए किया.

जब लड़के के पिता ने उसकी हथेली पर जले (छाले) का निशान देखा तो उन्होंने टीचर से सवाल-जवाब किया. बच्चे के पिता ने शिकायत दर्ज कराई है. कुरार पुलिस ने किशोर न्याय अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में महिला टीचर के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस ने कहा कि बच्चा अपने माता-पिता और बड़ी बहन के साथ मलाड में रहता है. उसके पिता वेंडर हैं. बच्चे को उसकी बहन ट्यूशन के लिए छोड़ने और लेने जाती थी.

कुरार पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने कहा, “कुरार विलेज के दिंडोशी कोर्ट के पास एक बिल्डिंग में प्राइवेट ट्यूशन चलाने वाली इस टीचर ने बच्चे के हाथ मोमबत्ती से सिर्फ इसलिए जला दिए क्योंकि उसकी लिखावट अच्छी नहीं थी.”

इस घटना से बच्चा सदमे में है. वही उसके माता-पिता टीचर से बेहद नाराज है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 8 जुलाई को जब बच्चे की बड़ी बहन उसे ट्यूशन टीचर के यहां से (घर से) लेने पहुंची तब बच्चा रो रहा था. उसकी दाईं हथेली पर जलने के निशान थे. घर पहुंचने पर पिता ने देखा कि बच्चे के बाएं हाथ पर भी चोट के निशान थे. इसके बाद उन्होंने महिला टीचर से सवाल-जवाब किए. पूछा कि बच्चे को चोट कैसे लगी ? फिर इस टीचर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई.

फिलहाल पुलिस पूरे मामले में अपनी कार्यवाही कर रही है.

 

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क


The Hindi Post
error: Content is protected !!