डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर लगाया 50 फीसदी टैरिफ, भारत सरकार ने भी दिया जवाब
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की फाइल फोटो (आईएएनएस)
नई दिल्ली | अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 50 फीसदी टैरिफ लगाने की घोषणा की है. इससे पहले ट्रंप ने 30 जुलाई को भारत पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने की घोषणा की थी और अब 25 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ लगाया है. अब इस पर भारत की प्रतिक्रिया आई है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को कहा कि अमेरिका द्वारा टैरिफ लगाना दुर्भाग्यपूर्ण है और भारत अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा करेगा.
रणधीर जायसवाल ने कहा, “हाल के दिनों में अमेरिका ने रूस से भारत के तेल आयात को निशाना बनाया है. हमने पहले ही इन मुद्दों पर अपना रुख साफ कर दिया है जिसमें यह भी शामिल है कि हमारे तेल आयात बाजार आधारित होते हैं और इसका मुख्य उद्देश्य 140 करोड़ भारतीयों की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना है.”
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने आगे कहा, “यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि अमेरिका ने उन कार्यों को लेकर भारत पर एक्स्ट्रा टैरिफ लगाने का फैसला किया है जिन्हें कई अन्य देश भी अपने राष्ट्रीय हित में अपना रहे हैं. हम दोहराते हैं कि यह कदम अनुचित, अन्यायपूर्ण और असंगत हैं. भारत अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए जरूरी सभी कदम उठाएगा.”
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को भारत से होने वाले आयात पर 25 प्रतिशत का अतिरिक्त शुल्क लगाने का आदेश दिया था. इस फैसले के पीछे की वजह भारत द्वारा रूस से तेल खरीदना है. व्हाइट हाउस के अनुसार, यह कदम यूक्रेन युद्ध के चलते रूस पर लगाए गए प्रतिबंधों को और प्रभावी बनाने की दिशा में उठाया गया है.
इससे पहले पिछले सप्ताह डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 25 प्रतिशत शुल्क लगाने की घोषणा की थी जिसे अब आधिकारिक रूप से लागू किया जा रहा है.
