यह नेत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में नहीं होगी शामिल

Hindi Post 2
The Hindi Post

नई दिल्ली | वरिष्ठ पत्रकार और तृणमूल कांग्रेस की राज्यसभा सांसद सागरिका घोष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का निमंत्रण अस्वीकार कर दिया है. इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए दी.

नरेंद्र मोदी रविवार को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे. राष्ट्रपति भवन में रविवार की शाम 7.15 मिनट पर वह अपने मंत्रिमंडल के साथ शपथ ग्रहण करेंगे. उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शपथ दिलाएंगी.

शपथ ग्रहण समारोह में कई देशों के नेताओं को न्योता दिया गया है.

इस सब के बीच सागरिका घोष ने X पर लिखा, “आदरणीय राष्ट्रपति जी, आपके इस स्नेहपूर्ण निमंत्रण के लिए धन्यवाद. हम विपक्षी पार्टियां श्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण की नैतिक वैधता को स्वीकार नहीं करते हैं. उन्होंने जनादेश खो दिया है. इसलिए मैंने व्यक्तिगत रूप से शपथ ग्रहण कार्यक्रम में शामिल न होने का निर्णय लिया है.”

Sagarika Ghose (1)

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी ने शनिवार को पार्टी के नवनिर्वाचित सांसदों से मुलाकात की थी. इस दौरान उन्होंने कहा था कि तृणमूल कांग्रेस रविवार को प्रधानमंत्री मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं होगी. वहीं, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राष्ट्रपति भवन में पीएम मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का निर्णय लिया है.

लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा नीत एनडीए गठबंधन के खाते में 292 सीटें आई हैं. जबकि, इंडिया गठबंधन ने 234 सीटों पर जीत दर्ज की है. अन्य के खाते में 17 सीटें आई है. भाजपा लोकसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है. भाजपा ने 240 सीटों पर जीत हासिल की है. हालांकि, भाजपा को 2019 के मुकाबले 63 सीटें कम मिली है.

तीसरे कार्यकाल में भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार बनने जा रही है. इसके साथ ही नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेकर जवाहर लाल नेहरू के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे.

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!