ट्रेन में टीटीई ने की एनसीसी कैडेट से रेप की कोशिश, हुआ फरार, 10,000 का इनाम घोषित
सांकेतिक तवसीर (आईएएनएस)
ट्रेन में टीटीई ने की एनसीसी कैडेट से रेप की कोशिश, हुआ फरार, 10,000 का इनाम घोषित
सेना भर्ती की तैयारी कर रही एक युवती ने टीटीई (TTE) पर दुष्कर्म की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है. यह शर्मनाक घटना रविवार रात अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस में इंदारा और देवरिया स्टेशनों के बीच हुई.
आरोपी टीटीई राहुल कुमार घटना के बाद से फरार है. उसकी गिरफ्तारी पर जीआरपी ने 10,000 रुपये का इनाम घोषित किया है.
सीट दिलाने के बहाने केबिन में ले गया आरोपी
युवती के अनुसार, वह मऊ में सेना भर्ती की परीक्षा देकर गोरखपुर लौट रही थी. स्टेशन पर भारी भीड़ के कारण वह कथित तौर पर टिकट नहीं ले सकी और ट्रेन के एसी कोच में सवार हो गई. ट्रेन में मौजूद टीटीई राहुल कुमार ने जब उससे पूछताछ की तो युवती ने अपना परिचय एक एनसीसी कैडेट के रूप में दिया. आरोप है कि टीटीई ने जुर्माना लेकर सीट दिलाने का आश्वासन दिया और उसे प्रथम श्रेणी (1st AC) के एक खाली केबिन में ले गया.
विरोध करने पर दी धमकी
प्राथमिकी के अनुसार, केबिन के अंदर ले जाकर टीटीई ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और युवती के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म का प्रयास किया. जब युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे बिना टिकट यात्रा के मामले में फंसाने की धमकी दी. हिम्मत दिखाते हुए युवती ने तुरंत ‘112’ पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी. पकड़े जाने के डर से आरोपी टीटीई कथित तौर पर देवरिया स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर फरार हो गया.
पुलिस की कार्रवाई और इनाम की घोषणा
गोरखपुर पहुंचने पर पीड़िता ने जीआरपी थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई. इसे बाद में क्षेत्राधिकार के कारण देवरिया ट्रांसफर कर दिया गया.
जीआरपी एसपी लक्ष्मी निवास मिश्रा ने कहा कि आरोपी के खिलाफ बलात्कार के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. बिहार के रहने वाले आरोपी टीटीई की तलाश में छापेमारी जारी है और उस पर इनाम भी घोषित किया गया है. रेलवे अधिकारियों को भी इस गंभीर कदाचार की सूचना दे दी गई है.
Hindi Post Dot In
