दो हाथियों की हिंसक भिड़ंत, कुचलने से महिला टूरिस्ट की मौत, पति अस्पताल में भर्ती
दो हाथियों की हिंसक भिड़ंत, कुचलने से महिला टूरिस्ट की मौत, पति अस्पताल में भर्ती
मडिकेरी (कर्नाटक) | कर्नाटक के मडिकेरी जिले में स्थित प्रसिद्ध ‘दुबारे हाथी कैंप’ (Dubare Elephant Camp) से सोमवार को एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई. यहां पर्यटकों की मौजूदगी के बीच अचानक दो हाथियों में हिंसक लड़ाई शुरू हो गई. इस अफरा-तफरी के दौरान तमिलनाडु से आई एक महिला पर्यटक एक हाथी की चपेट में आ गई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, मृतका के पति इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
हाथियों को नहलाते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, तमिलनाडु का रहने वाला एक दंपति सोमवार सुबह दुबारे हाथी कैंप पहुंचा था. मृतका की पहचान 33 वर्षीय जिनमू के रूप में हुई है, जबकि उनके घायल पति का नाम जोयल है. सुबह के समय इस जोड़े ने पहले प्रशिक्षित हाथियों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं. इसके बाद जब महावत हाथियों को कावेरी नदी में नहलाने के लिए ले गए, तो ये दोनों भी अन्य पर्यटकों के साथ पानी में उतर गए और हाथियों की सफाई व उन्हें नहलाने में मदद करने लगे.
महावतों के नियंत्रण से बाहर हुए ‘मार्तंडा’ और ‘कंजन’
पर्यटक अभी हाथियों को नहलाने के आनंद में डूबे ही थे कि अचानक वहां मौजूद दो बंदी हाथी—’मार्तंडा’ और ‘कंजन’ आपस में भिड़ गए. महावतों ने दोनों हाथियों को काबू करने और शांत कराने की पुरजोर कोशिश की, लेकिन वे बेकाबू होकर एक-दूसरे पर हमला करते रहे. इसी खूनी संघर्ष और अफरा-तफरी के बीच ‘मार्तंडा’ हाथी अचानक जिनमू के ऊपर गिर गया, जिससे कुचलकर उनकी मौत हो गई. इस दौरान उनके पति जोयल को भी गंभीर चोटें आईं. मौके पर मौजूद अधिकारियों और साथी पर्यटकों ने तुरंत दोनों (पति और पत्नी) को पानी से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया. जोयल का इलाज फिलहाल कुशालनगर के सरकारी अस्पताल में चल रहा है.
Today, a tragic incident at Dubare Elephant Camp in Kodagu district, Karnataka, India.
A 33-year-old tourist died after a temporary structure collapsed during an elephant bathing session following a clash between two elephants. pic.twitter.com/lfKJ5tpM6i
— Weather Monitor (@WeatherMonitors) May 18, 2026
हमलावर हाथी ‘कंजन’ का पुराना हिंसक रिकॉर्ड
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस लड़ाई की शुरुआत करने वाले हाथी ‘कंजन’ का इतिहास पहले भी हिंसक रहा है. मशहूर मैसूर दशहरा समारोह के दौरान भी कंजन ने एक अन्य हाथी से लड़ने के बाद मैसूर पैलेस परिसर से बाहर भागकर भारी दहशत मचा दी थी. बताया जाता है कि वह पहले भी कैंप के अन्य हाथियों पर जानलेवा हमले कर चुका है. स्थानीय पुलिस ने इस पूरी घटना की गहराई से जांच शुरू कर दी है.
गौरतलब है कि दुबारे एलीफेंट कैंप एक बेहद लोकप्रिय इको-टूरिज्म डेस्टिनेशन है, जहां हाथियों के व्यवहार का अध्ययन करने के साथ-साथ ऐतिहासिक मैसूर दशहरा के लिए हाथियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है. यहां रोजाना सैकड़ों की संख्या में पर्यटक हाथियों को करीब से देखने और उनके साथ वक्त बिताने आते हैं, लेकिन इस हादसे ने कैंप की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
IANS
कर्नाटक: दुबारे कैंप में दो हाथियों की लड़ाई में तमिलनाडु की महिला टूरिस्ट की मौत
