दिल दहला देने वाली वारदात, इजराइली महिला पर्यटक समेत दो महिलाओं से गैंगरेप, तीन दोस्तों को नहर में फेंका, एक की मौत
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
कोप्पल (कर्नाटक) | कर्नाटक के हम्पी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक इजराइली महिला पर्यटक और होमस्टे की ओनर (मालकिन) के साथ कुछ अज्ञात लोगों ने गैंग रेप किया. आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले तीन पुरुषों को पास में स्थित एक नहर में फेंक दिया. यह तीनों पुरुष इन दोनों महिलाओं के साथ मौजूद थे.
इनमें से दो पुरुष तैर कर बाहर निकल आए थे जबकि एक पुरुष उसी नहर में डूब गया. पुलिस को उसका शव बरामद हो गया है. मृतक ओडिशा का रहने वाला था. पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है. वही पीड़ित महिलाओं का अस्पताल में इलाज जारी है.
पुलिस ने बताया कि मृतक पहचान बीबास (40) के रूप में हुई है. वह एक पर्यटक था और यहां घूमने आया था. उसका शव हम्पी में स्थित तुंगभद्रा लेफ्ट नहर में मिला. पुलिस ने कहा कि चारों लोग यहां घूमने आए थे. होमस्टे की ओनर चारों पर्यटकों को यहां घूमाने लाई थी.
एफआईआर के अनुसार, चार पर्यटक और एक होमस्टे संचालिका सनापुर झील के पास एन्जॉय कर रहे थे. तभी तीन लोग मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचे और पेट्रोल पंप के बारे में पूछने लगे. जब होमस्टे संचालिका ने बताया कि पास में कोई पेट्रोल पंप नहीं है, तो वे पैसे मांगने लगे.
जब पर्यटकों ने उन्हें पैसे देने से इनकार कर दिया, तो आरोपी, जो कन्नड़ और तेलुगू भाषा बोल रहे थे, गाली-गलौच और मारपीट करने लगे. इसके बाद उन्होंने तीनों पुरुष पर्यटकों को जबरदस्ती नहर में धकेल दिया.
यौन उत्पीड़न की शिकार 29 वर्षीय होमस्टे संचालिका ने इस घटना के संबंध में पुलिस को लिखित शिकायत दी है.
वारदात को अंजाम देने के बाद से आरोपी फरार है. पुलिस का दावा है कि उन्होंने आरोपियों की पहचान कर ली है और दो विशेष टीमें उनकी तलाश कर रही है.
पुलिस ने कहा, “मेडिकल जांच में महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न की पुष्टि हुई है.”
पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह घटना सुबह 3 बजे हुई और स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी नहीं है. इस घटना के बारे में अभी और जानकारी सामने आना बाकी है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस
