महंगे हुए टमाटर तो चोरों ने किया हाथ साफ; तीन लाख रूपए कीमत के टमाटर हुए चोरी, बची हुई फसल भी की नष्ट

Tomatoes IANS (1)

सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)

The Hindi Post

घरेलू बजट पर असर डालने के बाद, टमाटर की बढ़ती कीमतों ने अब कर्नाटक में कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा कर दी है!

पुलिस ने गुरुवार को बताया कि हासन (Hassan) जिले के एक किसान ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसके खेत से 3 लाख रुपये की कीमत के टमाटर चोरी हो गए हैं.

यह घटना हासन के हलेबीडु शहर के पास गोनी सोमनहल्ली गांव में घटी है. किसान धरानी उर्फ सोमशेखर ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है.

ADVT.

पुलिस ने कहा कि चोर 3 लाख रुपये कीमत के टमाटर ले गए. यह टमाटर 90 बॉक्सेस में पैक थे. पुलिस ने कहा कि क्योंकि टमाटर की कीमत 150 रुपये प्रति किलोग्राम से अधिक हो गई है इसलिए चोरों ने इस पर हाथ साफ कर दिया.

इस टमाटर को दो एकड़ भूमि में उगाया गया था. धरानी ने इस फसल को चिक्कमगलूर बाजार ले जाकर बेचने का फैसला किया था.

पर इससे पहले कि धरानी टमाटर की इस फसल को बेच पाते, मंगलवार की रात चोर उनके खेत में घुस आए और ज्यादातर फसल लूट कर ले गए. उन्होंने टमाटर के पौधों को भी नष्ट कर दिया.

इस घटना के बारे में धरनी को बुधवार सुबह जानकारी हुई जब वह अपने खेत पहुंचे.

धरानी ने कहा, “मैं पिछले सात-आठ साल से टमाटर की फसल उगा रहा हूं. कभी फसल की अच्छी कीमत नहीं मिली. इस साल अच्छी फसल हुई और कीमत भी अच्छी मिली. मैंने सोचा इससे मैं अपना कर्ज चुका दूंगा लेकिन इस घटना ने मेरी खुशियों में आग लगा दी है.”

पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!