“माफिया की कब्र पर……”, सीएम योगी ने आवंटियों को सौंपे मुख्तार अंसारी की जब्त की गई जमीन पर बने फ्लैट्स की चाभी
फाइल फोटो | IANS
“माफिया की कब्र पर……”, सीएम योगी ने आवंटियों को सौंपे मुख्तार अंसारी की जब्त की गई जमीन पर बने फ्लैट्स की चाभी
यूपी की राजधानी लखनऊ में आज सीएम योगी आदित्यनाथ ने आवंटियों को घर की चाबी सौंपी. माफिया मुख्तार अंसारी की जब्त की गई जमीन पर ये फ्लैट बनाए गए हैं. फ्लैटों की चाबी आवंटन कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने आवासीय परिसर में वृक्षारोपण किया. 10 लाभार्थियों को सीएम योगी ने अपने हाथ से चाबी दी है. कुल 72 आवंटियों को चाबियां सौंपी गई हैं. मंत्री सुरेश खन्ना, दिनेश शर्मा कार्यक्रम में मौजूद रहे. आवंटन पत्र वितरण और सरदार वल्लभभाई पटेल आवासीय योजना के उद्घाटन अवसर पर सीएम योगी ने जनसभा को भी संबोधित किया.
सीएम योगी ने इस मौके पर कहा कि मेरा सौभाग्य है कि आज कार्तिक पूर्णिमा पर मैं जरूरतमंदों को आवास आवंटियों को चाबी सौंप रहा हूं. सौभाग्य है कि लखनऊ में एक कुख्यात माफिया के अतिक्रमण से मुक्त कराई गई जमीन पर बने मकानों के आवंटन के इस अवसर पर उपस्थित हूं. ये केवल एक कार्यक्रम नहीं है बल्कि संदेश है कि गरीब की, व्यापारी की, सार्वजनिक संपत्ति पर या सरकारी भूमि पर किसी माफिया ने या अपराधी ने कब्जा किया तो उसका यही हाल होगा जो यहां और प्रयागराज में किया गया है. जब माफिया से जमीन खाली होगी तो गरीबों का आशियाना बनेगा. ये माफियाओं को अपना शागिर्द बनाने वालों को संदेश है. उनको संदेश है जो माफिया की कब्र पर फातिहा पढ़ते हैं, जो माफिया को गले लगाकर गरीबों का शोषण करते और करवाते हैं. यूपी में अब नहीं कर पाएंगे.
