फाल्टा चुनाव से पहले ममता बैनर्जी को लगा तगड़ा झटका, टीएमसी प्रत्याशी जहांगीर खान ने वापिस लिया अपना नाम, वजह बताई तो बौखला गई टीएमसी….
फाल्टा चुनाव से पहले ममता बैनर्जी को लगा तगड़ा झटका, टीएमसी प्रत्याशी जहांगीर खान ने वापिस लिया अपना नाम, वजह बताई तो बौखला गई टीएमसी….
कोलकाता | तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख और पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी को उस वक्त झटका लगा जब उनकी पार्टी के उम्मीदवार जहांगीर खान ने फाल्टा विधानसभा सीट पर मतदान से पहले अपना नाम वापस ले लिया. पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट पर पुनर्मतदान के लिए 21 मई को वोटिंग होनी है.
मंगलवार को मीडिया से बातचीत के दौरान टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान ने चुनाव से पीछे हटने का कारण भी बताया. उन्होंने कहा कि वो निजी कारणों की वजह से चुनाव से पीछे हट रहे हैं. उन्होंने कहा कि मैं फाल्टा का बेटा हूं और मैं चाहता हूं कि फाल्टा में शांति रहे और उसका विकास हो. हमारे सीएम सुवेंदु अधिकारी फाल्टा के विकास के लिए एक विशेष पैकेज दे रहे हैं, इसीलिए मैं इस निर्वाचन क्षेत्र के पुनर्मतदान से खुद को अलग कर रहा हूं. दूसरी ओर, टीएमसी की ओर से एक बयान जारी किया गया.
बयान में कहा गया कि फाल्टा में चुनाव से हटने का जहांगीर खान का फैसला उनका निजी फैसला है, पार्टी का नहीं. 4 मई को चुनाव नतीजे घोषित होने के बाद से अकेले फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में हमारी पार्टी के 100 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है. दिनदहाड़े डरा-धमकाकर पार्टी के कई दफ्तरों में तोड़फोड़ की गई, उन्हें बंद कर दिया गया और उन पर जबरन कब्जा कर लिया गया, इसके बावजूद चुनाव आयोग (ईसी) बार-बार शिकायतें मिलने पर भी आंखें मूंदे बैठा है.
बयान में आगे कहा गया कि इतने दबाव के बावजूद हमारे कार्यकर्ता चट्टान की तरह अडिग हैं और एजेंसियों तथा प्रशासन के जरिए भाजपा द्वारा फैलाए जा रहे डर का लगातार विरोध कर रहे हैं. हालांकि कुछ लोग आखिरकार इस दबाव के आगे झुक गए और उन्होंने चुनावी मैदान से हटने का फैसला कर लिया. हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं. ‘बांग्ला विरोधी’ भाजपा के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी फिर चाहे वह पश्चिम बंगाल हो या दिल्ली.
आईएएनएस
भाजपा के आगे झुके जहांगीर खान, फाल्टा चुनाव में नाम वापसी पर टीएमसी का बयान
