भारत के तीन नागरिक ईरान में हुए लापता, सामने आई यह बात…

KIDNAPPING IN IRAN

फोटो क्रेडिट : आईएएनएस

The Hindi Post

तेहरान/नई दिल्ली | भारत के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि ईरान में लापता हुए तीन भारतीय नागरिकों का पता लगाने के लिए वह ईरानी अधिकारियों के संपर्क में है.

विदेश मंत्रालय (एमईए) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने नई दिल्ली में साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान कहा, “तीन भारतीय नागरिक ईरान में लापता हैं. हम उनका पता लगाने, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनकी वापसी के लिए ईरानी अधिकारियों के संपर्क में हैं. हमें ईरानी पक्ष से अच्छा सहयोग प्राप्त हो रहा हैं. हम लापता लोगों के परिवारों के संपर्क में भी हैं और हर संभव मदद कर रहे हैं.”

तीनों भारतीय नागरिक पंजाब के रहने वाले हैं और उनकी पहचान जसपाल सिंह, हुशनप्रीत सिंह और अमृतपाल सिंह के रूप में हुई है. अधिकारियों ने बताया कि वे सभी 1 मई को तेहरान पहुंचने के कुछ ही देर बाद लापता हो गए थे.

ईरान में भारतीय दूतावास ने बुधवार को एक बयान में कहा, “तीनों भारतीय नागरिकों के परिवार के सदस्यों ने भारतीय दूतावास को सूचित किया है कि उनके रिश्तेदार ईरान की यात्रा करने के बाद से लापता हैं. दूतावास ने इस मामले को ईरानी अधिकारियों के समक्ष जोरदार तरीके से उठाया है और अनुरोध किया है कि लापता भारतीयों का तत्काल पता लगाया जाए और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए. हम दूतावास द्वारा किए जा रहे प्रयासों के बारे में परिवार के सदस्यों को नियमित रूप से जानकारी दे रहे हैं.”

रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब में एक एजेंट ने तीनों लोगों को दुबई-ईरान मार्ग से ऑस्ट्रेलिया भेजने का वादा किया था. उसने कथित तौर पर उन्हें यह भी आश्वासन दिया था कि उन्हें ईरान में रहने की सुविधा प्रदान की जाएगी. लेकिन 1 मई को ईरान पहुंचने के तुरंत बाद तीनों का अपहरण कर लिया गया. लापता लोगों के परिवारों ने दावा किया है कि अपहरणकर्ता एक करोड़ रुपये की फिरौती की मांग कर रहे हैं और पाकिस्तानी नंबरों से इसके लिए कॉल किए गए हैं.

भारत ने पहले भी ईरान के लिए यात्रा परामर्श जारी किया था जिसमें ईरान की यात्रा करने वाले सभी भारतीय नागरिकों को सावधानी बरतने, तेहरान में भारतीय दूतावास और भारतीय वाणिज्य दूतावासों के साथ संपर्क बनाए रखने की सलाह दी गई थी.

 

आईएएनएस

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!