लॉ कॉलेज में छात्रा से गैंगरेप, घंटों होती रही दरिंदगी, गिड़गिड़ाती रही पीड़िता और अब…
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
कोलकाता पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. इन पर एक युवती से रेप करने का आरोप है. रेप की वारदात को कथित तौर पर लॉ कॉलेज परिसर में अंजाम दिया गया. पुलिस ने यह जानकारी दी.
पीड़िता और दो आरोपी साउथ कोलकाता लॉ कॉलेज (न्यू कैंपस) के छात्र हैं. वहीं तीसरा आरोपी कॉलेज का पूर्व छात्र है.
सभी आरोपियों को दक्षिण कोलकाता की एक कोर्ट में पेश किया जाएगा. पुलिस तीनों आरोपियों की हिरासत की मांग करेगी ताकि पूछताछ की जा सके.
पुलिस सूत्रों ने कहा कि इस मामले में जांच शुरू कर दी गई है. पीड़ित युवती ने दक्षित कोलकाता के कस्बा पुलिस स्टेशन में 25 जून की रात को शिकायत दर्ज कराई थी. अपनी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि कॉलेज के कॉमन रूम में उसका यौन उत्पीड़न किया गया था. उसने तीन युवकों पर आरोप लगाया है.
पुलिस सूत्रों ने कहा कि शिकायत दर्ज होने के तुरंत बाद युवती को मेडिकल जांच के लिए नेशनल मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ले जाया गया था. मेडिकल जांच में यौन उत्पीड़न की पुष्टि के बाद कस्बा पुलिस हरकत में आ गई और उसने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. अब पीड़िता के बयान न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज किए जाएंगे.
जांच अधिकारियों ने लॉ कॉलेज के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज हासिल कर ली है. इसके अलावा पुलिस कॉलेज के छात्रों, शिक्षकों और वहां की सिक्योरिटी में तैनात गार्डों के बयान दर्ज कर रही है.
इस घटना ने महिला सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए है.
राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा, “कोलकाता के साथ-साथ पूरे राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति चरमरा गई है. अब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ‘प्रेम प्रसंग’ जैसी बातें कहेंगी या इस घटना को ‘मामूली घटना’ बताएंगी. इसके बाद, वह मुआवजे की घोषणा करेंगी. मुख्यमंत्री को एक मिनट भी अपनी कुर्सी पर बने रहने का अधिकार नहीं है. यह एक बड़ी घटना है.”
Reported By: IANS, Written By: Hindi Post Web Desk
