कानपुर में बड़ा हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 26 की मौत, कई घायल, मुआवजे का एलान

0
1003
The Hindi Post

 कानपुर | उत्तर प्रदेश के कानपुर में शनिवार देर शाम को एक बड़ा हादसा हो गया। उन्नाव के चंद्रिका देवी मंदिर से दर्शन करके कानपुर वापस लौट रहे लोगों ने कभी नहीं सोचा होगा कि उनका इतना दुखद अंत होगा। दरअसल, श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलट जाने से 26 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग घायल हो गए है। यह सभी लोग दर्शन करके लौट रहे थे। यह घटना साढ़ और गंभीरपुर गांव के बीच हुई।

दरअसल, ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर, 40-50 लोग कानपुर से उन्नाव के चंद्रिका देवी मंदिर गए थे। यहां एक मुंडन संस्कार का कार्यक्रम था। इस कार्यक्रम के बाद, सभी लोग वापस लौट रहे थे। इस दौरान, ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक खंती में पलट गई। इस खंती में पानी भरा था। ट्रॉली के पलट जाने से सभी लोग पानी में गिर गए। जब तक उनको पानी से बाहर निकाला जाता, तब तक कई लोगों की जान चली गई।

Photo: Twitter@ADGZoneKanpur
Photo: Twitter@ADGZoneKanpur

हादसे से चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। जिसने भी यह दृश्य देखा वो सिहर उठा। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। उन्होंने पानी से भरी खंती से लोगों को निकालने का प्रयास किया। जो जिस हालत में था, वो उसी तरह बचाव के काम में लग गया। जैसे ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को घटना की जानकारी हुई वो भी मौके पर पहुंचने के लिए दौड़ पड़े।

राहत और बचाव कार्य के समय, घायलों को खंती से बाहर निकला गया और उनको तुरंत अस्पताल भेजा गया। घायलों का इलाज कानपुर के LLR अस्पताल में किया जा रहा है।

कानपुर के जिलाधिकारी विशाख जी ने बताया कि घाटमपुर के साढ़ थाना क्षेत्र स्थित कोरथा गांव के निवासी एक मुंडन संस्कार में उन्नाव गए थे। वापस लौटते समय, उनकी ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। उन्होंने बताया कि ट्राली के नीचे दम घुटने और पानी में डूबने से अधिकतर लोगों की मौत हो गई है। इस घटना में 26 लोगों की मौत हुई है। ट्रैक्टर में महिलाएं और बच्चे भी सवार थे। मृतकों में महिलाओं और बच्चों की बड़ी संख्या है।

कानपुर डीएम ट्रैक्टर-ट्राली पलट जाने के संदर्भ में मीडिया से बात करते हुए
कानपुर डीएम ट्रैक्टर-ट्राली पलट जाने के संदर्भ में मीडिया से बात करते हुए

ऐसा बताया जा रहा है कि ट्रॉली में कम से कम 50 लोग सवार थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घाटमपुर सड़क हादसे में हुई लोगों की मौत पर दुख जताया है और उनके परिजनों के लिए राहत कोष से मदद दिए जाने की घोषणा की। पीएम राहत कोष से हादसे में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की गई है।

वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घाटमपुर ट्रैक्टर-ट्राली हादसे में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है।

उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति संवदेना व्यक्ति करते हुए हादसे में घायल हुए लोगों के उचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। घायलों को 50 हजार और मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये मुआवजा देने का एलान किया गया है।

साथ ही उन्होंने वरिष्ठ मंत्री राकेश सचान और अजीत पाल को मौके पर जाकर राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

 

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क


The Hindi Post