जब बियर मंगाने के लिए युवक ने डायल कर दिया 100 नंबर
सांकेतिक तस्वीर (इंग्लिश पोस्ट)
तेलंगाना के विकाराबाद जिले में एक शख्स ने पुलिस से अजीब डिमांड कर डाली। उसने 100 नंबर डायल कर पहले पुलिस को अपने यहां बुलाया और उनके वहा पहुंचने पर उनसे दो बोतल बियर का इंतेजाम करने को कहा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोका फैसलाबाद गांव के युवक ने पुलिस को फोन पर बताया कि उसकी जान खतरे में है। जब पुलिस उसके यहां पहुंची, तो वह यह जानकर हैरान रह गए कि युवक को कोई समस्या नहीं थी। बल्कि युवक पुलिस से दो बोतल बियर मांगने लगा।

युवक की पहचान जे. मधु के रूप में हुई है। वह 22 साल का है। उसने कथित तौर पर नशे की हालत में ऐसा काम किया। उसने पुलिस को बताया कि उसके पास जो भी शराब और बियर थी वो पी चुका और चूकि देर रात का समय था और सारी शराब की दुकानें बंद थी इसलिए उसने पुलिस से मदद मांगने की सोची।
मधु ने पुलिसकर्मियों से बहस भी की और कहा कि पुलिस का काम है लोगों की मदद करना तो पुलिस को उसकी मदद करनी चाहिए।

उस रात तो पुलिस टीम वापस लौट गई लेकिन अगले दिन मधु के खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि उसको और उसके पिता को पुलिस स्टेशन बुलाया गया जहां युवक की काउंसलिंग की गई।
तेलंगाना पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वह 100 नंबर का दुरुपयोग न करे क्योंकि ऐसा करने से टाइम खराब होता है और फोर्स बेकार के काम में उलझ जाती है।
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
