पोक्सो केस में जमानत पर छूटे आरोपी ने खेला ‘खूनी खेल’! पत्नी और बच्चों समेत 6 का किया कत्ल, मचा कोहराम

Telangana horror2

राजकुमार पर पत्नी और बच्चों समेत 6 की हत्या का आरोप है / (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)

The Hindi Post

पोक्सो केस में जमानत पर छूटे आरोपी ने खेला ‘खूनी खेल’! पत्नी और बच्चों समेत 6 का किया कत्ल, मचा कोहराम

 

हैदराबाद | तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां 35 वर्षीय व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो मासूम बेटों की हत्या कर दी. इसके बाद उसने एक नाबालिग लड़की और उसके परिवार के दो सदस्यों का भी कत्ल कर दिया. दरअसल, नाबालिग ने इस व्यक्ति के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था. आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है.

जांचकर्ताओं के अनुसार, आरोपी राजकुमार ने कथित तौर पर शुक्रवार रात शबाद स्थित अपने घर पर पत्नी पार्वती सरिता (30 वर्षीय) और अपने चार व एक साल के दो बेटों पर हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया.

पोक्सो (POCSO) केस का बदला लेने के लिए की हत्याएं
पुलिस ने बताया कि इन हत्याओं को अंजाम देने के बाद राजकुमार अपनी कार से 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के घर पहुंचा (इस लड़की ने इसी साल मई के महीने में राजकुमार के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत शिकायत दर्ज कराई थी). जांचकर्ताओं का मानना है कि वह किशोर लड़की को जबरन अपनी कार में एक सुनसान जगह पर ले गया जहां उसने उसकी कथित तौर पर हत्या कर दी.

एनडीटीवी के मुताबिक, आरोपी ने लड़की के घर जाकर कथित तौर पर उसकी 45 वर्षीय मां और 65 वर्षीय नानी की भी बेरहमी से हत्या कर दी. घटना के वक्त लड़की की 20 वर्षीय दिव्यांग बहन घर पर मौजूद थी लेकिन आरोपी ने उसे कोई नुकसान नहीं पहुंचाया.

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद राजकुमार ने फोन पर अपने पिता से संपर्क किया और कथित तौर पर इन हत्याओं की बात कबूल की. इसके बाद उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया. उसने फोन पर खुदकुशी करने की बात भी कही थी, हालांकि पुलिस ने अभी तक इस दावे की पुष्टि नहीं की है. आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं.

मई में हुआ था गिरफ्तार, फिर मिली थी जमानत
जांच में सामने आया है कि राजकुमार और सरिता ने साल 2018 में प्रेम विवाह किया था और उनके तीन बच्चे थे जिनमें से बड़ी बेटी की बचपन में ही मौत हो गई थी.

मई के महीने में नाबालिग लड़की द्वारा पीछा करने और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने के बाद राजकुमार को गिरफ्तार किया गया था. वह लड़की का उसके कोचिंग इंस्टीट्यूट से घर तक पीछा करता था और उस पर दोस्ती का दबाव बनाता था. हालांकि, बाद में उसे कोर्ट से अग्रिम जमानत मिल गई थी क्योंकि जिन धाराओं में मामला दर्ज हुआ था उसमें सात साल से कम की सजा का प्रावधान है.

कर्ज और जुए की लत का शिकार था आरोपी
पुलिस ने बताया कि आरोपी का व्यवहार पहले से ही असामान्य था. परिजनों ने जांचकर्ताओं को बताया कि वह मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहा था, उसे जुए की लत लग चुकी थी और वह भारी कर्ज में डूबा हुआ था.

घटना के बाद मौके पर पहुंचे रिश्तेदारों ने बताया कि दोनों मासूम बच्चों की हत्या तब की गई जब वे सो रहे थे, जबकि जिस कमरे में पत्नी का शव मिला वहां हाथापाई और संघर्ष के निशान मिले है. घर के दरवाजे अंदर से बंद थे और पंखा, एसी व कूलर चल रहे थे. फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने सभी अपराध स्थलों की जांच की है और पुलिस इस जघन्य हत्याकांड के पीछे के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटी है.

आईएएनएस

तेलंगाना: पोक्सो केस में जमानत पर आए शख्स ने की पत्नी और दो बच्चों समेत 6 लोगों की हत्या


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!