टी20 विश्व कप के सुपर-8 में किन टीमों से भिड़ेगी भारतीय टीम, 3 देशों का नाम हुआ फाइनल
फाइल फोटो | क्रेडिट: आईएएनएस
टी20 विश्व कप के सुपर-8 में किन टीमों से भिड़ेगा भारत, 3 देशों का नाम हुआ फाइनल
भारतीय टीम जारी टी20 विश्व कप 2026 में अपने शुरुआती तीनों मुकाबले जीतकर अगले चरण में पहुंच गई है. ग्रुप स्टेज में भारतीय टीम अपना अंतिम मुकाबला नीदरलैंड के खिलाफ खेलेगी, हालांकि ये मैच भारत के लिए ज्यादा महत्वपूर्ण नहीं होगा और टीम कुछ खिलाड़ियों को आराम दे सकती है. भारत टूर्नामेंट के सुपर-8 चरण में क्वालीफाई करने वाली दूसरी टीम थी. हालांकि मंगलवार को जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच होने वाला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया, जिससे सुपर-8 के लिए क्वालीकाई करने वाली जिम्बाब्वे सातवीं टीम बन गई है. इसके साथ ही भारत के सुपर-8 मुकाबले के लिए विपक्षी टीमों के नाम भी सामने आ गए हैं.
भारत का टी20 विश्व कप में सुपर-8 शेडयूल
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका
भारतीय टीम टी20 विश्व कप सुपर-8 में अपना पहला मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से खेलेगी, जोकि शानदार फॉर्म में हैं. भारत और अफ्रीका के बीच 22 फरवरी को सुपर-8 का मुकाबला नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा. अफ्रीका ने भी अपने शुरुआती तीनों मुकाबले जीते हैं. एडन मार्करम के नेतृत्व वाली दक्षिण अफ्रीका की टीम ने अपने पहले मुकाबले में कनाडा को 57 रनों से हराया. अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले में अफ्रीका की टीम हारने के काफी करीब पहुंच गई थी. हालांकि दूसरे ओवर में अफ्रीका ने अफगानिस्तान को हराकर लगातार दूसरा मुकाबला जीता था. अफ्रीका ने अपने तीसरे मुकाबले में न्यूजीलैंड को 7 विकेट से धोया.
भारत बनाम जिम्बाब्वे
भारत सुपर-8 के अपने दूसरे मुकाबले में जिम्बाब्वे से भिड़ेगा. ये मैच 26 फरवरी को चेन्नई के एमए चिंदबरम स्टेडियम में खेला जाएगा. जिम्बाब्वे की टीम को हल्के में लेने की गलती भारतीय टीम नहीं करेगी. क्योंकि पिछले सप्ताह ही जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को 23 रनों से हराया है. जिम्बाब्वे ने अपने पहले मुकाबले में ओमान को 8 विकेट से हराया है. वहीं मंगलवार को जिम्बाब्वे का आयरलैंड के खिलाफ होने वाला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया, जिसकी वजह से ऑस्ट्रेलिया की सुपर-8 में पहुंचने की सारी उम्मीदें खत्म हो गई और ऑस्ट्रेलिया टूर्नामेंट से बाहर हो गया.
भारत बनाम वेस्टइंडीज
भारतीय टीम का सुपर-8 में आखिरी मुकाबला वेस्टइंडीज की मजबूत टीम से होगा, जोकि टी20 विश्व कप के ग्रुप सी में शानदार फॉर्म में हैं. वेस्टइंडीज और भारत के बीच सुपर-8 का आखिरी मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स में 1 मार्च को खेला जाएगा. वेस्टइंडीज ने अपने पहले मुकाबले में स्कॉटलैंड को 35 रनों से और फिर दूसरे मैच में इंग्लैंड को 30 रनों से हराया. नेपाल के खिलाफ टीम ने 9 विकेट से जीत दर्ज की.
भारत का टी20 विश्व कप 2026 में प्रदर्शन
भारतीय टीम का टी20 विश्व कप में अब तक प्रदर्शन शानदार रहा है. टीम ने अपने शुरुआती तीनों मुकाबले जीते हैं. भारत का पहला मुकाबला अमेरिका से था, जिसमें टीम ने 29 रनों से जीत हासिल की. इस मैच में भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था. दूसरे मुकाबले में भारत ने नामीबिया को 93 रनों से धोया. वहीं पाकिस्तान के खिलाफ भारत ने एकतरफा मुकाबला जीता. भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से शिकस्त दी.
