साजिद खान को बिग बॉस से हटाने की मांग के बाद स्वाति मालीवाल को मिली रेप की धमकी

Swati Maliwal IANS (1) (1)

स्वाति मालीवाल (फाइल फोटो | आईएएनएस)

The Hindi Post

नई दिल्ली | दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल को रेप की धमकी मिल रही है. उन्होंने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर को पत्र लिखकर फिल्म निर्माता और निर्देशक साजिद खान को रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ से हटाने की मांग की थी. इसके बाद ही उनको रेप की धमकी मिल रही है. स्वाति को उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ संदिग्ध लोगों ने दुष्कर्म की धमकी दी है जिसपर उन्होंने अब दिल्ली पुलिस को शिकायत दी है.

दिल्ली महिला आयोग अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने बताया, जब से साजिद खान को बिग बॉस से बाहर करने के लिए केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री को चिट्ठी लिखी है, तबसे मुझे इंस्टाग्राम पर रेप की धमकी दी जा रही है. जाहिर है ये (लोग) हमारा काम रोकना चाहते हैं. दिल्ली पुलिस को शिकायत दे रही हूं. मुकदमा दर्ज करें और जांच करें. जो लोग भी इनके पीछे है उनको अरेस्ट करें.

दरअसल इससे पहले स्वाति मालीवाल ने अपने पत्र में कहा था कि, यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ साल बाद अब साजिद खान लोकप्रिय रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ के नए सीजन में ‘हाउसमेट’ के रूप में भाग ले रहे हैं. जैसा कि उनके खिलाफ शिकायतों से पता चलता है कि साजिद खान ने कथित तौर पर लंबे समय तक यौन अपराधी के रूप में काम किया है.

स्पष्ट रूप से साजिद खान जैसे कथित यौन अपराधी के लिए प्राइमटाइम शो में शामिल होना अनुचित है जिसे वयस्कों और बच्चों द्वारा समान रूप से देखा जाता है. यह स्पष्ट रूप से उन्हें अपनी गलतियों को ‘साफ’ करने और भारतीय दर्शकों के बीच फिर से लॉन्च करने का एक अनुचित अवसर देता है.

आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!