जापान में आया जोरदार भूकंप, तीव्रता थी 7.6, सुनामी ….

Earthquake 2 (1)
The Hindi Post

टोक्यो । जापान के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में सोमवार देर रात 7.6 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया. इसके बाद फुकुशिमा दाइची परमाणु संयंत्र से परमाणु-दूषित अपशिष्ट जल को समुद्र में छोड़े जाने की प्रक्रिया तात्कालिक रूप से रोक दी गई.

स्थानीय समयानुसार रात 11:15 बजे आए इस भूकंप का केंद्र 50 किलोमीटर की गहराई पर था. भूकंप के बाद आओमोरी, इवाते और होक्काइडो के तटीय क्षेत्रों में सुनामी की चेतावनी जारी की गई है.

सरकारी समाचार चैनल एनएचके के अनुसार, होक्काइडो, आओमोरी, मियागी और फुकुशिमा के परमाणु संयंत्रों में फिलहाल किसी भी तरह की असामान्यता की सूचना नहीं मिली है.

टोक्यो इलेक्ट्रिक पावर कंपनी ने बताया कि सुनामी की चेतावनी जारी होने के बाद रात 11:42 बजे फुकुशिमा दाइची परमाणु संयंत्र से दूषित जल को समुद्र में छोड़ने की प्रक्रिया को रोक दिया गया.

भूकंप के बाद आओमोरी और होक्काइडो में कुछ लोगों के घायल होने की खबर है. आओमोरी प्रिफेक्चुरल सरकार ने बताया कि करीब 2,700 घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है.

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (जेएमए) ने चेतावनी दी है कि इवाते तट, होक्काइडो के मध्य प्रशांत तटीय भाग और आओमोरी के प्रशांत तट पर 3 मीटर तक ऊंची लहरें उठ सकती है. नागरिकों को तुरंत ऊंचे स्थानों पर चले जाने का निर्देश दिया गया है.

जेएमए के अनुसार, होक्काइडो के उराकावा शहर में रात 12:21 बजे और इवाते प्रिफेक्चर के कुजी पोर्ट में 12:10 बजे 50 सेंटीमीटर ऊंची लहरें दर्ज की गईं.

मुख्य कैबिनेट सचिव मिनोरू किहारा ने कहा कि सरकार हताहतों और संपत्ति के क्षति का आकलन कर रही है. साथ ही प्रधानमंत्री कार्यालय में संकट प्रबंधन केंद्र भी सक्रिय कर दिया गया है.

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!