सौरव गांगुली समेत पत्नी को जान से मारने की धमकी, पुलिस में दर्ज कराई शिकायत

Sourav Ganguly 123 (1)

फाइल फोटो | आईएएनएस

The Hindi Post

सौरव गांगुली समेत पत्नी को जान से मारने की धमकी, पुलिस में दर्ज कराई शिकायत

 

नई दिल्ली | भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली और उनकी पत्नी डोना गांगुली को जान से मारने की धमकी मिली है. भारत के पूर्व कप्तान और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष की निजी सचिव की तरफ से ठाकुरपुकुर पुलिस स्टेशन में औपचारिक लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है.

लिखित शिकायत में जिक्र है, “मैं, तानिया भट्टाचार्य, सौरव गांगुली की तरफ से आपको यह पत्र लिख रही हूं, जिनके साथ मैं बतौर निजी सचिव काम करती हूं. मैं आपका ध्यान एक गंभीर मामले की ओर दिलाना चाहती हूं, जो सौरव गांगुली और उनके परिवार को मिली कुछ धमकी भरी चिट्ठियों से जुड़ा है.”

शिकायत में आगे जिक्र है, “पिछले कुछ महीनों से हमें किसी अनजान शख्स की तरफ से (सौरव) गांगुली के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियों वाली चिट्ठियां मिल रही हैं. शुरू में हमने इन पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया, यह सोचकर कि ये किसी ऐसे व्यक्ति की हरकत है, जो उन्हें पसंद नहीं करता और अपनी नाराजगी जाहिर करने के लिए चिट्ठियां भेज रहा है. हालांकि, आज हमें सौरव गांगुली और डोना गांगुली के नाम से दो चिट्ठियां मिलीं जिनमें भेजने वाले ने न सिर्फ उनके खिलाफ नफरती बातें लिखीं, बल्कि सौरव गांगुली, डोना गांगुली और उनके साथ या उनके लिए काम करने वाले लोगों की जान और सुरक्षा को लेकर गंभीर धमकियां भी दीं.”

शिकायत में लिखा गया है, “इन चिट्ठियों में दी गई धमकियों की गंभीरता ने हमें चिंतित कर दिया है. ये चिट्ठियां अब नफरत या अपमानजनक बातों से आगे बढ़कर जान और निजी सुरक्षा के लिए धमकियों में बदल गई हैं, इसलिए हमारा मानना ​​है कि इस मामले में पुलिस का तुरंत दखल और जांच जरूरी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए, मैं आपसे अनुरोध करती हूं कि कृपया जरूरी कार्रवाई करें, शिकायत दर्ज कर जांच करें, इन धमकी भरी चिट्ठियों को भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करें और सौरव गांगुली, डोना गांगुली और उनके साथ काम करने वाले स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाएं.”

रिपोर्ट्स के मुताबिक ये चिट्ठियां कूरियर के जरिए सौरव गांगुली के घर भेजी गई हैं. पैकेट पर भेजने वाले का नाम अरुण कुमार लिखा था जो बेलघरिया का रहने वाला है. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है.

IANS

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!