बहुत ही अजीब मामला: जिस बेटे का कर दिया था ‘अंतिम संस्कार’, वो जेल में जिंदा मिला

man whose antim sanskar had been done is alive in Punjab jail ChatGPT Image Sep 6, 2026, 04_50_23 PM (1) (1)

सांकेतिक तस्वीर (AI Photo)

The Hindi Post

बहुत ही अजीब मामला: जिस बेटे का कर दिया था ‘अंतिम संस्कार’, वो जेल में जिंदा मिला

 

कपूरथला | पंजाब के कपूरथला से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है जिसमें अंतिम संस्कार के बाद एक परिवार को उनका बेटा जिंदा मिल गया. एक कॉल से पता चला कि जिस युवक को परिवार ने मृत मान लिया था वो असल में जीवित है और जेल में बंद है.

एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, रवि कुमार नाम के इस युवक के परिवार को उसके जीवित होने का पता तब चला जब उन्हें जेल से एक फोन कॉल आया. दरअसल, परिवार शव का अंतिम संस्कार कर चुका था. इसके बाद उन्हें जेल से फोन कॉल आया. जिस युवक का अंतिम संस्कार किया गया था परिवार के लोग उसे अपना लापता बेटा समझ रहे थे.

शुरुआती जानकारी के अनुसार, रवि कुमार 5 अगस्त को घर से निकला था और लौटा नहीं. पिता और भाई ने बताया कि उन्होंने खुद उसे खोजने की कोशिश की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला.

परिवार ने 11 अगस्त को कपूरथला सिटी पुलिस स्टेशन से संपर्क किया और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. इस बीच, पुलिस ने परिवार को सूचित किया कि एक युवक का जला हुआ शव मिला है. परिवार को मृतक की तस्वीरें दिखाई गईं. परिवार के सदस्यों और अन्य रिश्तेदारों ने शव की पहचान अपने लापता बेटे रवि कुमार के रूप में की. परिवार ने 13 अगस्त को युवक का अंतिम संस्कार भी कर दिया.

हालांकि परिवार को 2 सितंबर को कपूरथला की सेंट्रल जेल के एक कर्मचारी का फोन आया. उन्हें बताया गया कि रवि कुमार नाम का एक व्यक्ति जेल में बंद है.

रवि कुमार को जालंधर पुलिस ने लगभग एक महीने पहले आवारागर्दी से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया था और उसे सेंट्रल जेल में रखा गया था. इस जानकारी से परिवार हैरान और उलझन में पड़ गया. अगले दिन जेल में रवि कुमार को जीवित पाकर उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा.

By IANS

 

जिस बेटे का कर दिया था ‘अंतिम संस्कार’, वह पंजाब की जेल में मिला जिंदा

 

अस्वीकरण: यह लेख समाचार एजेंसी IANS द्वारा लिखा गया है. TheHindiPost.In ने इसे न तो लिखा, न संपादित किया है और न ही स्वतंत्र रूप से सत्यापित किया है. TheHindiPost.In इस लेख में दी गई जानकारी के लिए किसी भी प्रकार की जिम्मेदारी नहीं लेता है.

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!