सरकारी अस्पताल के ICU में घुसा 6 फीट लंबा सांप और फिर……

SNAKE IN ICU 2
The Hindi Post

सरकारी अस्पताल के ICU में घुसा 6 फीट लंबा सांप और फिर……

 

कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के आईसीयू में शनिवार शाम अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 6 फीट लंबा धामन प्रजाति का सांप वार्ड में घुस आया. सांप सीधे आईसीयू से होते हुए नर्सिंग स्टाफ के चेंबर तक पहुंच गया और वहां बने स्टोर रूम में दवा व ग्लूकोज के कार्टन के बीच जाकर छिप गया. उस समय ICU में 5-7 मरीज व उनके अटेंडर मौजूद थे, जिनमें डर का माहौल बन गया.

घटना की जानकारी मिलते ही स्टाफ ने स्नेक कैचर गोविंद शर्मा को फोन किया. शर्मा किशोरपुरा से तुरंत हॉस्पिटल पहुंचे. उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंचने पर नर्सिंग स्टाफ और अटेंडर घबराए हुए थे. उन्होंने सावधानी से कार्टन हटाए और करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद सांप को रेस्क्यू कर बाहर निकाला.

गोविंद शर्मा के अनुसार स्टोर रूम में पीछे की ओर एक खिड़की है, जहां पेड़–पौधे लगे हुए हैं. अनुमान है कि सांप वहीं से अंदर दाखिल हुआ. धामन प्रजाति का यह सांप जहरीला नहीं होता, लेकिन इसके मुंह में बैक्टीरिया मौजूद रहते हैं, इसलिए काटने पर संक्रमण का खतरा रहता है.

गोविंद शर्मा ने बताया कि धामन प्रजाति का सांप इंसानों पर हमला नहीं करता. यह खेतों और बस्तियों के आसपास इसलिए नजर आता है क्योंकि इसका पसंदीदा खाना चूहे होते हैं. चूहों की तलाश में यह कई बार घरों और संस्थानों तक पहुंच जाता है.

इस रेस्क्यू के बाद आईसीयू स्टाफ, मरीज और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली. अस्पताल प्रशासन अब खिड़कियों और खुले हिस्सों की जांच कर रहा है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने.


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!