जेब में फटा स्मार्टफोन, युवक के हाथ झुलसे; एक महीने पहले खरीदा था फोन
सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)
जेब में फटा स्मार्टफोन, युवक के हाथ झुलसे; एक महीने पहले खरीदा था फोन
ग्रेटर नोएडा से बड़ी खबर सामने आई है. यहां एक युवक का स्मार्टफोन अचानक फट गया और वह झुलस गया. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गाजियाबाद से लौट रहे माजिद नामक युवक की पैंट की जेब में रखा मोबाइल पहले अचानक गर्म हुआ और फिर धुआं निकलने लगा. माजिद जब तक कुछ समझ पाता या फोन बाहर निकालता तब तक उसमें जोरदार धमाका हो गया.
हादसे में हाथ और शरीर झुलसा
धमाका इतना तेज था कि मोबाइल के परखच्चे उड़ गए और माजिद के कपड़ों में आग लग गई. इस हादसे में उसके दोनों हाथ बुरी तरह झुलस गए और शरीर के निचले हिस्से में भी चोटें आईं. चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद पहुंचाते हुए उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है.
एक महीने पहले ही खरीदा था स्मार्टफोन
मीडिया रिपोर्ट्स में माजिद के हवाले से बताया गया है कि उसने यह फोन लगभग एक महीने पहले खरीदा था और वह इसे सामान्य तरीके से इस्तेमाल कर रहा था. उसका कहना है कि इससे पहले फोन में ओवरहीटिंग या किसी अन्य तकनीकी खराबी जैसी कोई समस्या देखने को नहीं मिली थी.
तकनीकी जांच के बाद स्पष्ट होगी वजह
अचानक हुए इस हादसे के बाद मोबाइल फटने के कारणों को लेकर सवाल उठ रहे हैं. मोबाइल और उसकी बैटरी की तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह घटना कैसे घटी.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
