सिक्किम में बड़ा सड़क हादसा, सेना का वाहन खाई में गिरा, 16 जवान शहीद

Sikkim (1)

Photo: IANS

The Hindi Post

गंगटोक | उत्तरी सिक्किम में भारत-नेपाल सीमा के पास एक बड़ा हादसा हो गया है. यहां शुक्रवार को एक सैन्य वाहन खाई में जा गिरा जिससे सेना के 16 जवान शहीद हो गए और चार अन्य घायल हो गए.

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, घायलों को एयरलिफ्ट करके उत्तरी बंगाल के एक सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

यह दुर्घटना सिक्किम की राजधानी गंगटोक से लगभग 130 किलोमीटर की दूरी पर स्थित लाचेन से लगभग 15 किलोमीटर दूर जेमा 3 में सुबह करीब 8 बजे हुई.

चुंगथांग उप-विभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) अरुण थाटल ने बताया कि सेना का वाहन 20 लोगों को लेकर सीमा चौकियों की ओर जा रहा था. ऐसा अनुमान है कि जेमा 3 क्षेत्र में एक मोड़ पर वाहन सड़क से उतर गया और सैकड़ों फीट नीचे खाई में गिर गया.

सभी 16 शवों को दुर्घटनास्थल से बरामद कर लिया गया है. लाचेन की एक पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर मौजूद थाटल ने कहा कि गंभीर रूप से घायल चार सैन्य कर्मियों की स्थिति के बारे में जानकारी उपलब्ध नहीं है.

शवों को पोस्टमार्टम के लिए गंगटोक के सरकारी एसटीएनएम अस्पताल ले जाया जा रहा है और बाद में इन्हें सेना को सौंप दिया जाएगा. थाटल ने कहा कि सैन्य कर्मी किस रेजिमेंट के है इसके बारे में पता लगाया जा रहा है.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!