शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष में भरी सफल उड़ान, राष्ट्रपति मुर्मू-पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

Subhanshu Shukla (1)

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

नई दिल्ली | ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के एक्सिओम-4 मिशन के सफलतापूर्वक उड़ान भरने पर बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी. राष्ट्रपति ने इस मिशन को लेकर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने भारत के लिए अंतरिक्ष में एक नया मील का पत्थर स्थापित किया है. उनके अमेरिका, पोलैंड और हंगरी के साथी अंतरिक्ष यात्री साबित करते हैं कि दुनिया वास्तव में एक परिवार है.

वहीं, पीएम मोदी ने कहा कि ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले पहले भारतीय बनने की राह पर हैं. वह अपने साथ 1.4 बिलियन भारतीयों की इच्छाएं, उम्मीदें और आकांक्षाएं लेकर चले हैं.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष में भारत के लिए एक नया मील का पत्थर स्थापित किया है. पूरा देश एक भारतीय की अंतरिक्ष में यात्रा से उत्साहित और गर्वित महसूस कर रहा है. अमेरिका, पोलैंड और हंगरी के एक्सिओम मिशन 4 के उनके साथी अंतरिक्ष यात्री साबित करते हैं कि दुनिया वास्तव में एक परिवार है. ‘वसुधैव कुटुम्बकम’. इस मिशन की सफलता के लिए मेरी शुभकामनाएं.”

पीएम मोदी ने अंतरिक्ष में सफल उड़ान भरने के लिए शुभांशु और उनके अन्य साथियों को बधाई देते हुए एक्स पर लिखा, ”हम अंतरिक्ष मिशन के सफल प्रक्षेपण का स्वागत करते हैं. भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले पहले भारतीय बनने की राह पर हैं. वह अपने साथ 1.4 बिलियन भारतीयों की इच्छाएं, उम्मीदें और आकांक्षाएं लेकर चले हैं. उन्हें और अन्य अंतरिक्ष यात्रियों को सफलता की शुभकामनाएं.”

अंतरिक्ष में भारत ने बुधवार को एक ऐतिहासिक छलांग लगाई. भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला एक्सिओम-4 मिशन के तहत इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन के लिए रवाना हो गए हैं. फ्लोरिडा में नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर में कॉम्प्लेक्स 39ए से एक्सिओम-4 मिशन को लॉन्च किया गया. शुभांशु शुक्ला और तीन अन्य अंतरिक्ष यात्री एक्सिओम स्पेस के एक मिशन के हिस्से के रूप में अंतरिक्ष स्टेशन की यात्रा पर निकले हैं.

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!