शिव नादर यूनिवर्सिटी में छात्रा को गोली मारने का मामला: लड़के के पोस्टमार्टम के बाद पूरा हुआ लड़की का पोस्टमार्टम

Shiv Nadar University Sneha and Anuj (1) (1)

स्नेहा और अनुज की फाइल फोटो

The Hindi Post

नोएडा | शिव नादर विश्वविद्यालय में बीते दिन एक छात्र ने छात्रा को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था. इसके बाद युवक ने खुद को भी गोली मार ली थी. इस सनसनीखेज कांड के बाद, आज शुक्रवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया. मृतकों की पहचान अनुज और स्नेहा के रूप में हुई थी.

नोएडा के सेक्टर 94 के पोस्टमार्टम हाउस में पहले लड़के का पोस्टमार्टम हुआ. युवक का परिवार शव लेकर रवाना हो गया और उसके बाद लड़की का पोस्टमार्टम शुरू हुआ. लड़की के शव के पोस्टमार्टम के बाद परिजन घर के लिए रवाना हो गए.

पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद रहे परिजनों ने शिव नादर विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान उठाए. लड़की के पिता ने साफ तौर पर यह कहा कि उन्हें पहले बताया गया था कि एक्सीडेंट हो गया है आप जल्दी चले आओ और जब वो यहां पहुंचे तो उन्हें इस पूरी घटना का पता चला.

उन्होंने शिव नादर यूनिवर्सिटी की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कैसे एक युवक हथियार लेकर यूनिवर्सिटी के अंदर आ गया और किसी को इसकी जानकारी नहीं हुई. लड़की के परिजनों का कहना है कि वह लड़की के अंतिम संस्कार के बाद वापस आकर केस दर्ज कराएंगे.

स्नेहा के चाचा अनिल चौरसिया ने कहा कि स्नेहा को तीन गोलियां लगी. उन्होंने कहा कि जिस वेपन से स्नेहा को गोली मारी गई वह यूनिवर्सिटी कैंपस के अंदर कैसे आई, यह सबसे बड़ा सवाल है.

फिलहाल इस मामले में पुलिस कमिश्नरेट ने जांच की बात कही है. अभी तक फिलहाल कोई भी शिकायत पुलिस को नहीं मिली है. पुलिस का कहना है कि जैसे ही उन्हें शिकायत मिलेगी वह आगे की जांच करेंगे.

आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!