शशि थरूर ने की भारत रत्न लालकृष्ण आडवाणी की तारीफ, कांग्रेस ने दी यह प्रतिक्रिया
शशि थरूर की फाइल फोटो (आईएएनएस)
नई दिल्ली | अपने बयानों को लेकर हमेशा चर्चा में रहने वाले कांग्रेस नेता शशि थरूर इन दिनों फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वह वरिष्ठ भाजपा नेता और भारत रत्न लालकृष्ण आडवाणी की तारीफ करने को लेकर विवादों में घिरे हैं. वहीं, कांग्रेस ने लालकृष्ण आडवाणी पर शशि थरूर के बयान को उनका निजी मामला बताया है.
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने शनिवार को कहा कि यह उनका निजी बयान है. पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा कि हमेशा की तरह, डॉ. शशि थरूर अपनी बात कह रहे हैं और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस उनके हालिया बयान से खुद को पूरी तरह से अलग कर रही है.
उन्होंने लिखा कि कांग्रेस सांसद और कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य के रूप में उनका ऐसा करना कांग्रेस की विशिष्ट लोकतांत्रिक और उदारवादी भावना को दर्शाता है.
बता दें कि कांग्रेस नेता शशि थरूर ने शनिवार को वरिष्ठ भाजपा नेता और भारत रत्न से सम्मानित लालकृष्ण आडवाणी को जन्मदिन की बधाई दी थी. कांग्रेस नेता ने उनको एक सच्चा राजनेता बताया था. थरूर ने कहा था कि आधुनिक भारत की दिशा तय करने में उनकी भूमिका अमिट है.
शशि थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि लालकृष्ण आडवाणी को उनके 98वें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं. जनसेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता, उनकी विनम्रता और शालीनता, और आधुनिक भारत की दिशा तय करने में उनकी भूमिका अमिट है. वह एक सच्चे राजनेता हैं जिनका सेवा जीवन अनुकरणीय रहा है.
इससे पहले शशि थरूर ने अपने एक लेख में वंशवाद की राजनीति का जिक्र कर कांग्रेस में हलचल मचा दी थी. उन्होंने लेख में लिखा था कि वंशवादी राजनीति भारतीय लोकतंत्र के लिए एक ‘गंभीर खतरा’ है, और अब समय आ गया है कि भारत ‘वंशवाद की जगह योग्यता’ को स्वीकार्यता प्रदान करे.
केरल के तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर अपने बेबाक बयानों के लिए जाने जाते हैं. कई बार उनके बयान खुद उनकी पार्टी कांग्रेस के लिए मुसीबत खड़ी कर देते हैं.
