शिंदे के ऑफिस पहुंचे शरद पवार, उपमुख्यमंत्री के केबिन में की मीटिंग? कयासों का बाजार हुआ गर्म

Sharad Pawar meets Eknath Shinde (1) (1)

Photo Credit: X/Eknath Shinde

The Hindi Post

शिंदे के ऑफिस पहुंचे शरद पवार, उपमुख्यमंत्री के केबिन में की मीटिंग? कयासों का बाजार हुआ गर्म

 

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के अध्यक्ष शरद पवार और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बीच हुई मुलाकात ने राज्य की राजनीति में अटकलों का दौर तेज कर दिया है. विपक्षी गठबंधन महा विकास अघाड़ी (एमवीए) में जारी राजनीतिक अनिश्चितता के बीच इस मुलाकात को सामान्य शिष्टाचार भेंट से कहीं अधिक माना जा रहा है.

शरद पवार महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद पर गठित उच्चस्तरीय समिति की बैठक में शामिल होने के लिए बुधवार को विधानसभा पहुंचे थे. बैठक समाप्त होने के बाद वह सीधे उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के कक्ष में पहुंचे. उनके साथ एनसीपी (एसपी) के वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल, जितेंद्र आव्हाड और शशिकांत शिंदे भी मौजूद थे.

उस समय एकनाथ शिंदे कैबिनेट की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे. शिंदे कार्यालय के अनुसार, शरद पवार के पहुंचने की जानकारी मिलते ही उन्होंने (एकनाथ शिंदे) कैबिनेट बैठक कुछ समय के लिए रोक दी. इसके बाद उपमुख्यमंत्री शिंदे ने शॉल और गुलदस्ता भेंट कर शरद पवार का स्वागत किया. दोनों नेताओं के बीच करीब 15 मिनट तक बातचीत हुई जिसके बाद शिंदे वहां से चले गए.

हालांकि, शरद पवार कुछ देर तक शिंदे के कक्ष में ही रुके और अपनी पार्टी के विधायकों से मिले.

इस मुलाकात को लेकर दोनों नेताओं ने बातचीत का कोई विवरण सार्वजनिक नहीं किया है. शिंदे के कार्यालय ने इसे महज एक शिष्टाचार भेंट बताया है, लेकिन इसकी टाइमिंग ने राजनीतिक हलकों में कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया है.

राजनीतिक विश्लेषकों का ध्यान इस बात पर भी गया कि शरद पवार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिलने के बजाय सीधे एकनाथ शिंदे से मुलाकात की. फडणवीस को महायुति सरकार का प्रमुख रणनीतिकार माना जाता है.

यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब कांग्रेस, एनसीपी (एसपी) और शिवसेना (यूबीटी) से मिलकर बने महा विकास अघाड़ी में अंदरूनी असंतोष की खबरें लगातार सामने आ रही हैं. हाल ही में उद्धव ठाकरे गुट के छह सांसदों के एकनाथ शिंदे खेमे में जाने के बाद गठबंधन की एकजुटता पर सवाल उठने लगे हैं. ऐसे में शरद पवार और एकनाथ शिंदे की यह मुलाकात महाराष्ट्र की राजनीति में नई अटकलों को जन्म दे रही है.

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!