मेघालय में अवैध कोयला खदान विस्फोट में 16 लोगों की मौत

Blast ChatGPT Image Feb 5, 2026, 05_27_07 PM (1)

सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)

The Hindi Post

शिलांग | मेघालय राज्य के पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले की एक कोयला खदान से 16 मजदूरों के शव बरामद हुए है. दरअसल, भीषण विस्फोट होने के कारण इन लोगों की मौत हुई है. यह कोयला खदान कथित तौर पर अवैध थी. पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को ये जानकारियां दी.

पूर्वी जयंतिया हिल्स के पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने मृतकों की संख्या की पुष्टि करते हुए बताया कि बचाव दल ने अब तक दुर्घटनास्थल से 16 शव बरामद किए हैं.

कुमार ने आईएएनएस को बताया कि अब तक 16 शव बरामद किए जा चुके हैं. उन्होंने आगे कहा कि खोज और बचाव अभियान अभी भी जारी है.

ऐसा माना जा रहा है कि खदान के अंदर कोयला खनन करने के दौरान विस्फोट हुआ. इससे खदान ढह गई और कई मजदूर अंदर फंस गए.

विस्फोट का सटीक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है लेकिन अधिकारियों ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि यह खनन के दौरान हुआ.

इस घटना में एक मजदूर घायल अवस्था में मिला. उसे सुतंगा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. पुलिस ने बताया कि बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए शिलांग रेफर कर दिया गया.

कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीमें बचाव और राहत कार्यों में स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन की सहायता के लिए घटनास्थल पर भेजी गई हैं.

यह अभियान चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में चलाया जा रहा है. इसमें जमीन का अस्थिर होना और भूस्खलन का खतरा शामिल है.

जब उनसे पूछा गया कि क्या खदान अवैध रूप से संचालित हो रही थी तो जिला पुलिस प्रमुख ने संकेत दिया कि प्रारंभिक संकेत इसी ओर इशारा करते हैं.

उन्होंने कहा कि यह जांच का विषय है और जांच पूरी होने के बाद ही जिम्मेदारी तय की जाएगी.

इस घटना ने पूर्वी जयंतिया हिल्स में अवैध कोयला खनन के लगातार बढ़ते खतरे को एक बार फिर उजागर कर दिया है.

IANS

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!