आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर खड़ी डीसीएम से कई कारों की टक्कर, फिर …..

Agra Lucknow Expressway Accident Nov 19 (1) (1)
The Hindi Post

फिरोजाबाद | उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सुबह कोहरे की वजह से भीषण सड़क हादसा हो गया.

घने कोहरे के चलते सड़क किनारे खड़ी खराब डीसीएम गाड़ी से एक के बाद एक चार कार टकरा गई. इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. यह घटना थाना नसीरपुर क्षेत्र के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के नसीरपुर कट के पास हुई.

इस घटना में एक कार सवार व्यक्ति घायल हो गया जिसे प्राथमिक उपचार के बाद सैफई मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया है. कार चालक आजमगढ़ का रहने वाला बताया जा रहा है.

एक के बाद एक कारों के टकराने के बाद चीख पुकार मच गई. स्थानीय लोग मौके पर पंहुचे. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला. इस घटना में किसी को ज्यादा चोट नहीं आई है और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

इससे पहले फिरोजाबाद में एक अलग घटना में बीते 13 नवंबर को दक्षिण थाना क्षेत्र के मीरा चौराहे पर एक मिनी ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार दो लोगों को टक्कर मार दी थी. इसमें 45 वर्षीय बृज किशोर की मौत हो गई थी और उसका साथी 38 वर्षीय रामनरेश गंभीर रूप से घायल हो गया था.

वहीं 9 नवंबर को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा हो गया था जहां सवारियों से भरी बस एक ट्रक से टकरा गई थी. इस हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी जबकि 17 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे.

उल्लेखनीय है कि तापमान गिरने के साथ ही धुंध और कोहरे की परत ने उत्तर भारत को चपेट में ले लिया है. भारतीय मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर में आगे भी घने कोहरा छाया रहेगा. इसके चलते मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. कोहरे ने दृश्यता को काफी कम करके स्थिति को और भी खराब कर दिया है. कोहरे और जहरीली हवा के संयोजन ने उड़ान संचालन को भी बाधित कर दिया है जिससे बड़े पैमाने पर देरी हो रही है.

IANS

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!