कार में भी इतने लोग न समाएं, बाइक पर लदे 7 युवक, होश उड़ा देगा 12 सेकंड का यह वीडियो, अब नापेगी पुलिस
सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)
कार में भी इतने लोग न समाएं, बाइक पर लदे 7 युवक, होश उड़ा देगा 12 सेकंड का यह वीडियो, अब नापेगी पुलिस
सोशल मीडिया पर भोपाल से सामने आए एक वीडियो ने शहर की यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक स्प्लेंडर बाइक पर सात युवक सवार हैं. यह नजारा वीआईपी रोड स्थित गौहर महल क्षेत्र का बताया जा रहा है, जो रेतघाट इलाके में आता है. बाइक पर अधिकतर नाबालिग बैठे हैं.
यह वीडियो 21 जनवरी 2026 का बताया जा रहा है. 12 सेकेंड के इस वीडियो में देखा जा सकता है कि स्प्लेंडर पर 7 युवक सवार हैं. आमतौर पर इतने लोग कार में भी नहीं बैठ पाते हैं. उतने लोग एक ही दोपहिया वाहन पर सफर करते दिखाई दे रहे हैं. यह न केवल मोटर व्हीकल एक्ट का खुला उल्लंघन है, बल्कि गंभीर हादसे को दावत देने जैसा है.
वीडियो सामने आने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने मामले में संज्ञान लिया है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर चालक और अन्य सवारों की पहचान की जा रही है. प्रारंभिक जांच में यह भी देखा जा रहा है कि बाइक चलाने वाला नाबालिग तो नहीं है और वाहन के सभी वैध दस्तावेज मौजूद हैं या नहीं. जांच पूरी होने के बाद बाइक चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. यदि सवारों में नाबालिग पाए जाते हैं, तो उनके अभिभावकों की भूमिका भी जांच के दायरे में आएगी.
