यूपी में एक और सड़क हादसा: सात लोगों की मौत, गाड़ी के उड़े परखच्चे
हाथरस | उत्तर प्रदेश के हाथरस में मंगलवार को बरेली-मथुरा मार्ग पर जैतपुर गांव के निकट कंटेनर ने मैजिक वाहन में टक्कर मार दी. इस हादसे में मैजिक पर सवार सात लोगों की मृत्यु हो गई जबकि, कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख व्यक्त किया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों को सहायता राशि का ऐलान भी किया.
पुलिस ने बताया कि यह हादसा मथुरा-कासगंज हाईवे पर हुआ. यह घटना कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के जैतपुर के पास हुई. कंटेनर और मैजिक की टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई. सात घायलों को अस्पताल भेजा गया है.
घटना के एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि मैजिक हाथरस की तरफ से आ रही थी. टैंकर सिकंद्रराराऊ की तरफ से आ रहा था. मैजिक वाले की गलती है. उसकी स्पीड काफी तेज थी. दोनों गाड़ियों की आमने-सामने की टक्कर हुई. दोनों गाड़ियां टक्कर के बाद पलट गई. पुलिस मौके पर आ पहुंची और लोगों को अस्पताल पहुंचाया.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है.
सीएम योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया है कि इस घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता तुरंत दी जाए. इसके अलावा घायलों की देखभाल की समुचित व्यवस्था भी की जाए.
वहीं घटना को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है.
Reported By: IANS, Edited By: Hindi Post Web Desk
