वरिष्ठ भाजपा नेता विजय कुमार मल्होत्रा का निधन
नई दिल्ली | भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा का मंगलवार सुबह दिल्ली के AIIMS अस्पताल में 93 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. दिसंबर 1931 में लाहौर में जन्मे विजय कुमार मल्होत्रा दिल्ली से पांच बार सांसद और दो बार विधायक रह चुके थे. वह 1972 से 1975 तक दिल्ली जनसंघ के अध्यक्ष रहे और इसके बाद दो बार भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष (1977-80 और 1980-84) के पद पर भी रहे.
AIIMS ने एक बयान में कहा: “93 वर्षीय वरिष्ठ भाजपा नेता विजय कुमार मल्होत्रा को AIIMS, नई दिल्ली में भर्ती कराया गया था, जहां 30 सितंबर 2025 की सुबह उनका निधन हो गया.”
उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख व्यक्त किया. उन्होंने अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर पोस्ट कर लिखा, “जीवनपर्यंत जनसेवा में समर्पित रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा के निधन से गहरा दुख हुआ है. वह जमीन से जुड़े ऐसे नेता थे जिन्हें जनता के मुद्दों की गहरी समझ थी. दिल्ली में पार्टी को सशक्त बनाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई.”
उन्होंने आगे लिखा, “संसद में अपनी सक्रियता और योगदान के लिए भी वह सदैव याद किए जाएंगे. शोक की इस घड़ी में उनके परिवारजनों और शुभचिंतकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. ॐ शांति!”
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भी शोक व्यक्त किया और कहा कि विजय कुमार मल्होत्रा का जीवन पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा प्रेरणा देता रहेगा. सचदेवा ने एक बयान में कहा, “हमें दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली भाजपा के पहले अध्यक्ष, प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा का आज सुबह अचानक निधन हो गया. वह 94 वर्ष के थे.”
