बिहार CM की सुरक्षा में चूक, मुख्यमंत्री ने फुटपाथ पर चढ़कर खुद को बचाया, जानिए क्या है यह मामला
फाइल फोटो | IANS
बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार की सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया है. दरअसल, हुआ यूं कि नितीश कुमार (गुरुवार को) मॉर्निंग वॉक करने के लिए निकले थे. तभी सुरक्षा घेरा तोड़कर एक बाइक सवार घुस गया. मुख्यमंत्री तुरंत फुटपाथ पर चढ़ गए. बताया जा रहा है कि बाइकर की CM नितीश कुमार से टक्कर होते-होते बची.
बिना देर किए नितीश कुमार के सुरक्षा कर्मियों ने इस बाइक सवार को पकड़ लिया. बताया जा रहा है कि बाइकर भागने की कोशिश कर रहा था.
हालांकि अभी ये नहीं पता चला है कि यह बाइकर कौन है.
घटना की जानकारी होते ही अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए. एसएसपी राजीव मिश्रा मौके पर पहुंचे. पकड़े गए बाइकर से पूछताछ की जा रही है. बाइकर के बारे में और जानकारी जुटाने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज को स्कैन किया जा रहा है.
इस बीच, मुख्यमंत्री ऑफिस ने एसएसजी (स्पेशल सिक्योरिटी ग्रुप) कमांडेंट हरि मोहन शुक्ला और पटना के एसएसपी राजीव मिश्रा को स्पष्टीकरण के लिए तलब किया है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
