जमशेदपुर में दो समुदायों में टकराव, आगजनी और पत्थरबाजी के बाद लगी धारा 144, इंटरनेट बंद

Jamshedpur (1) (1)

Photo: IANS

The Hindi Post

जमशेदपुर | जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत शास्त्रीनगर इलाके में धार्मिक ध्वज के अपमान की घटना के बाद रविवार की रात दो समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए. उपद्रवियों ने आगजनी, पत्थरबाजी और फायरिंग की. फिलहाल हालात तनावपूर्ण पर नियंत्रण में हैं.

अब तक 60 लोगों को हिरासत में लिया गया है. तनाव को देखते हुए इलाके में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है.

कदमा के शास्त्रीनगर ब्लॉक-3 में पीपलधारी जटाधारी मंदिर से कुछ ही दूरी पर रामनवमी के दिन स्ट्रीट लाइट पर महावीरी झंडा बांधा गया था. इसी बीच बीते शनिवार को कुछ शरारती लोगों ने ध्वज की रस्सी पर प्रतिबंधित मांस लटका दिया. इस पर लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया था. कार्रवाई के लिए 24 घंटे का समय पुलिस को दिया गया था.

इसी मामले को लेकर रविवार शाम छह बजे मंदिर कमेटी के लोग बैठक के लिए जुट रहे थे. आरोप है कि इसी दौरान 100 से अधिक संख्या में लोग वहां पहुंच गए. इनमें अधिकांश लोगों ने चेहरा ढंक रखा था. उन्होंने तोड़फोड़ और पथराव शुरू कर दिया. इसके बाद दोनों ओर से जोरदार पत्थरबाजी हुई. इस दौरान झोपड़ीनुमा आधा दर्जन दुकानों और दो दोपहिया वाहनों में आग लगा दी गई.

उपद्रव को शांत कराने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी. दो घंटे तक शास्त्रीनगर के ब्लॉक संख्या-2 में उपद्रव मचाने वालों का कब्जा रहा. इस दौरान उपद्रवियों की पत्थरबाजी से सड़क ईंट और पत्थर से पट गए. उपद्रवियों पर काबू में करने के लिए RAF को उतारा गया. RAF ने उपद्रवियों के खिलाफ छह राउंड आंसू गैस के गोले दागे. उन्होंने भीड़ को तितर-बितर कर दिया. अब क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है. क्षेत्र की सारी दुकानें बंद हैं.

माहौल बिगड़ने के बाद प्रशासन ने कदमा क्षेत्र में धारा 144 लगा दी हैं. इसके अलावा पुलिस द्वारा माइक से लोगों को अपने घरों में रहने का आग्रह किया जा रहा है.

आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!