ट्रंप के रिसॉर्ट में घुसपैठ की कोशिश: सीक्रेट सर्विस की फायरिंग में 20 वर्षीय संदिग्ध ढेर, पास से मिली शॉटगन
ट्रंप के रिसॉर्ट में घुसपैठ की कोशिश: सीक्रेट सर्विस की फायरिंग में 20 वर्षीय संदिग्ध ढेर, पास से मिली शॉटगन
अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने रविवार को फ्लोरिडा के मार-ए-लागो (Mar-a-Lago) में 20 साल के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. शख्स सुरक्षा घेरा तोड़कर ट्रंप के मार-ए-लागो रिसॉर्ट में गैरकानूनी रूप से घुसने की कोशिश कर रहा था. दरअसल, जहां ये वारदात हुई, वहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का घर है. घटना के समय राष्ट्रपति ट्रंप मार-ए-लागो में मौजूद नहीं थे.
यूएस सीक्रेट सर्विस ने बयान जारी कर कहा कि यह घटना स्थानीय समय के मुताबिक रविवार सुबह करीब 1:30 बजे हुई. संदिग्ध के पास के शॉटगन और फ्यूल कैन बरामद हुआ है. मारे गए शख्स का नाम अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है.
मार-ए-लागो को ट्रंप का ‘विंटर व्हाइट हाउस’ कहा जाता है और यहां की सुरक्षा काफी कड़ी रहती है. इसे एक बड़ी सुरक्षा चूक मानी जा रही है. घटना के बाद FBI और स्थानीय पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है.
सीक्रेट सर्विस के बयान के मुताबिक, मार-ए-लागो रिसॉर्ट के नॉर्थ गेट के पास एक संदिग्ध को देखा गया जो सुरक्षा घेरे के अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था. संदिग्ध के पास एक शॉटगन और एक फ्यूल कैन यानी ईंधन का डिब्बा जैसा दिखने वाला सामान था. सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने उसे रोकने की कोशिश की. इस दौरान मुठभेड़ शुरू हो गई. इसके बाद सीक्रेट सर्विस के एजेंटों और पाम बीच काउंटी शेरिफ ऑफिस (PBSO) के एक डिप्टी ने मिलकर गोलियां चलाईं.
इस घटना में सीक्रेट सर्विस या पुलिस का कोई अफसर घायल नहीं हुआ है. जिस समय यह घटना हुई, वहां कोई भी ऐसा बड़ा नेता या व्यक्ति मौजूद नहीं था. एफबीआई (FBI), सीक्रेट सर्विस और स्थानीय पुलिस मिलकर इस मामले की जांच कर रही हैं. वे यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर वह व्यक्ति कौन था, उसने ऐसा क्यों किया और क्या पुलिस द्वारा गोली चलाना सही था.
