नई दिल्ली से US जा रहा था एयर इंडिया का विमान पर लैंड होना पड़ा रूस में..
सांकेतिक तस्वीर (फोटो क्रेडिट: आईएएनएस)
नई दिल्ली | नई दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रहे एयर इंडिया के विमान में तकनीकी खराबी आ गई. इसके कारण इसे रूस के क्रास्नोयार्स्क अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (Krasnoyarsk International Airport) पर उतारा गया. क्रू को कार्गो होल्ड एरिया में एक तकनीकी समस्या का पता लगा था. यही कारण था कि विमान की लैंडिंग करानी पड़ी. फंसे हुए यात्रियों के लिए दूसरी उड़ान की व्यवस्था करने के प्रयास जारी हैं.
एयर इंडिया ने गुरुवार देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा, “एयर इंडिया की दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रही फ्लाइट AI -183 को तकनीकी कारण से क्रास्नोयार्स्क इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट कर दिया गया है. विमान की सुरक्षित लैंडिंग हुई है. हम संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि मेहमानों का ख्याल रखा जाए. हम आगे की कार्रवाई कर रहे हैं.”
शुक्रवार की सुबह एक और अपडेट में एयर इंडिया ने कहा कि विमान सुरक्षित रूप से लैंड हुआ. विमान में 225 यात्री और फ्लाइट क्रू के 19 सदस्य है. सभी यात्रियों को टर्मिनल बिल्डिंग में ले जाया गया.
एयरलाइन ने आगे कहा, “चूंकि एयर इंडिया के पास यहां अपना स्टाफ नहीं है, इसलिए हम यात्रियों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए व्यवस्था कर रहे हैं. एयर इंडिया सरकारी एजेंसियों और नियामक अधिकारियों के साथ भी संपर्क में है, और हम यात्रियों को जल्द से जल्द सैन फ्रांसिस्को ले जाने के लिए दूसरी फ्लाइट की व्यवस्था कर रहे हैं.”
