वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले के बाद रूस ने दी प्रतिक्रिया, क्या कहा ?
Photo: Twitter@KremlinRussia_E/
वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले के बाद रूस ने दी प्रतिक्रिया, क्या कहा ?
मॉस्को | रूस, ईरान सहित दुनिया के कई देशों ने वेनेजुएला पर अमेरिकी सैन्य हमले की कड़ी निंदा की है. उन्होंने इसे वेनेजुएला की संप्रभुता पर हमला बताया है.
रूस ने अमेरिकी कार्रवाई को “गंभीर चिंता का विषय” और अत्यंत निंदनीय बताया. रूसी विदेश मंत्रालय द्वारा जारी बयान में कहा गया, “इस कार्रवाई (हमला) को सही ठहराने के लिए दिए गए तर्क पूरी तरह असंगत हैं.” रूस ने कहा कि अमेरिका की ओर से दिए गए तर्क बेबुनियाद हैं और यह कदम कूटनीति के बजाय वैचारिक दुश्मनी से प्रेरित है.
रूस ने जोर देते हुए कहा कि जिन साझेदार देशों के बीच मतभेद हैं, उन्हें समाधान संवाद के माध्यम से तलाशना चाहिए और किसी भी तरह के तनाव को बढ़ने से रोकना चाहिए. साथ ही कहा कि लैटिन अमेरिका को शांति का क्षेत्र बने रहना चाहिए और वेनेजुएला को बिना बाहरी सैन्य दखल के अपना भविष्य तय करने का अधिकार है.
रूस ने वेनेजुएला की जनता और उसकी बोलिवेरियन सरकार के साथ एकजुटता जताई और कहा कि कराकस में रूसी दूतावास सामान्य रूप से काम कर रहा है. अभी तक किसी रूसी नागरिक के हताहत होने की सूचना नहीं है.
इसके साथ ही रूस ने वेनेजुएला के अधिकारियों और कई लैटिन अमेरिकी देशों के नेतृत्व की उस मांग का भी समर्थन किया, जिसमें इस स्थिति पर चर्चा के लिए United Nations Security Council की तत्काल बैठक बुलाने का आग्रह किया गया है.
IANS/Hindi Post Dot In
