नोएडा: श्रीकांत त्यागी पर पुलिस ने 25,000 रूपये का इनाम घोषित किया

Shrikant Tyagi (1)

श्रीकांत त्यागी (फोटो: सोशल मीडिया)

The Hindi Post

नोएडा (गौतम बुद्ध नगर) की एक सोसाइटी में महिला से बदसलूकी और गाली-गलौज करने वाले श्रीकांत त्यागी पर पुलिस ने 25,000 रूपये का इनाम घोषित कर दिया है। महिला के साथ गाली-गलौज करनें का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद से ही श्रीकांत फरार है। पुलिस उसको पकड़ने की कोशिश कर रही है।

वीडियो वायरल होने के बाद, लोगों में श्रीकांत के खिलाफ गुस्सा देखा गया। लोग ट्विटर पर पोस्ट लिख कर श्रीकांत के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग उठा रहे थे। वही विपक्षी दल, श्रीकांत की बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं के साथ उसकी तस्वीरों को शेयर कर सवाल उठा रहे थे। हालांकि बीजेपी कह रही है, उसका श्रीकांत त्यागी से कोई लेना देना नही है और वो पार्टी का सदस्य भी नही है।

इससे पहले दिन में, श्रीकांत द्वारा सोसाइटी में किए गए अवैध निर्माण को गिराने की कार्रवाई की गई। इस मौके पर सोसाइटी के लोग बड़ी संख्या में मौजूद थे। जब बुलडोजर गरजा तो लोगों ने तालियां बजा कर इसका स्वागत किया। लोगों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाई। स्थानीय लोगों ने योगी सरकार की प्रशंसा की। हालांकि लोगों ने यह कहा कि इस कार्रवाई को करने में देर कर दी गई।

फरार चल रहे श्रीकांत को गिरफ्त में लेने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें दबिश दे रही है। श्रीकांत के खिलाफ पहले ही मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। अब उस पर इनाम घोषित किया गया है। पुलिस श्रीकांत पर सख्त कार्रवाई करने की बात कह रही है। उसके चार निकट संबंधी पुलिस हिरासत में है जिनसे पूछताछ हो रही है।

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क

The Hindi Post
error: Content is protected !!