दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रोल्स रॉयस और आयल टैंकर की टक्कर का मामला: पुलिस ने विकास मालू को जारी किया नोटिस, जांच में शामिल होने को कहा

Vikas Malu (1)

विकास मालू (फाइल फोटो: सोशल मीडिया)

The Hindi Post

कुबेर ग्रुप के मालिक विकास मालू को हरियाणा की नूंह पुलिस ने नोटिस जारी किया है. दरअसल, विकास मालू उस गाड़ी में थे जो दिल्ली-मुंबई-बरोडा एक्सप्रेसवे पर नूंह (हरियाणा) में एक आयल टैंकर से टकरा गई थी. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि आयल टैंकर पलट गया था और विकास मालू की रोल्स रॉयस जल कर राख हो गई थी. इस एक्सीडेंट में आयल टैंकर के ड्राइवर और उनके सहायक की मौत हो गई थी. यह हादसा 22 अगस्त को हुआ था.

पुलिस से जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक, मालू की रोल्स रॉयस 200 किलोमीटर प्रति घंटे से भी अधिक की स्पीड से दौड़ रही थी. अब हरियाणा पुलिस ने विकास मालू को नोटिस जारी कर जांच में शामिल होने को कहा है.

इस दुर्घटना में विकास मालू घायल हो जाए थे. उनका गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस ने कहा कि अस्पताल से छुट्टी मिलते ही मालू से पूछताछ की जाएगी. पुलिस ने धारा 279 (रैश ड्राइविंग), 337 (तेज और लापरवाही से चोट पहुंचाना) और 304 (गैर इरादतन हत्या) के तहत दर्ज FIR के संबंध में नोटिस भेजा है.

नूंह के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि रोल्स-रॉयस में बैठे लोगों में से एक कुबेर समूह के मालिक विकास मालू थे जिनका अब एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है. अधिकारी ने कहा कि घायलों के ठीक होने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे. इस घटना में FIR मुनील यादव की शिकायत के आधार पर दर्ज की गई है. मुनील दुर्घटना वाले दिन एक अन्य वाहन में थे.

FIR के अनुसार, “टैंकर को रामप्रित चला रहा था. उसमें दो अन्य लोग – कुलदीप और गौतम कुमार भी थे. सुबह करीब 11.30 बजे, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर, लापरवाही से और तेज गति से चलाए जा रहे एक वाहन ने टैंकर के अगले टायर को टक्कर मार दी थी, जिससे टैंकर का संतुलन बिगड़ गया और वो पलट गया.”

शिकायतकर्ता ने FIR में यह उल्लेख किया है कि टैंकर में आग लगने से पहले उसमें सवार तीन लोग भाग निकलने में सफल रहे थे. हालांकि, दुर्घटना में लगी चोटों के कारण रामप्रित और कुलदीप को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया था.

विकास मालू के वकील की ओर से दावा किया जा रहा है कि हरियाणा में दुर्घटनाग्रस्त हुई 10 करोड़ रुपये की रोल्स रॉयस फैंटम तेज रफ्तार में नहीं थी और ट्रक ड्राइवर ने गलत मोड़ ले लिया था जिसकी वजह से यह हादसा हुआ.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)


The Hindi Post
error: Content is protected !!