UP: भाजपा विधायक की मां के कान काटकर कुंडल ले गए लुटेरे

Ghaziabad (1)
The Hindi Post

गाजियाबाद | गाजियाबाद में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. आए दिन अपराधी वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं. सबसे ज्यादा बुजुर्गों को निशाना बनाया जा रहा है. ताजा मामले में बुलंदशहर के भाजपा विधायक प्रदीप चौधरी की 80 वर्षीय मां संतोष देवी के साथ गाजियाबाद के प्रताप विहार में कुंडल लूट की वारदात हो गई है.

वह सुबह सैर के लिए निकली थीं. पुलिस के मुताबिक, घात लगाए बैठे बाइकर्स गैंग के बदमाशों ने तमंचा तानकर कुंडल पर झपट्टा मारा. कुंडल जब कान से नहीं निकले तो बदमाशों ने कटर से दोनों कानों को काटकर कुंडल लूट लिए और फरार हो गए. घटना शुक्रवार सुबह हुई.

संतोष देवी अपने छोटे बेटे जीतपाल के साथ गाजियाबाद के प्रताप विहार में रहती हैं. वह रोजाना की तरह घर से सुबह की सैर के लिए निकलती थीं. शुक्रवार सुबह घात लगाए बैठे बदमाशों ने उनके कुंडल लूट लिए.

विज्ञापन
विज्ञापन

उनके बेटे जीतपाल ने बताया, “हमने वारदात की सूचना पुलिस को दी तो पुलिस ने उल्टे मेरी मां से ही सवाल करना शुरू कर दिया कि वह सुबह में क्यों घूम रही थी?”

जीतपाल के मुताबिक, पुलिस ने दो दिनों तक एफआईआर दर्ज नहीं की. बाद में जब विधायक ने एसएसपी से फोन पर बात की, तब रविवार को मामला दर्ज किया गया. लेकिन अभी तक पुलिस टीम बदमाशों की तलाश नहीं कर पाई है. आए दिन हो रहीं लूटपाट की वारदातें गाजियाबाद में पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई है.

आईएएनएस

हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!