खाते में अरबों की रकम देखकर घबराया रिक्शा चालक, उठाया यह कदम

currency notes India IANS (1)

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

खाते में अरबों की रकम देखकर घबराया रिक्शा चालक, उठाया यह कदम

 

बिहार के गया का एक रिक्शावाला अचानक करोड़पति बन गया। मात्र एक हजार की रकम निकालने गए शिव कुमार पटेल के होश तब उड़ गए जब मोबाइल पर अपना बैंक बैलेंस देखा। उनके अकाउंट में 7 अरब, 59 करोड़, 69 लाख, 51 हजार से अधिक रुपए पड़े थे। उन्होंने तुरंत घबराहट में आस पास के लोगों को फोन कर दिया। उसके बाद ग्राहक सेवा केंद्र पर भीड़ जुट गई और इलाके में सनसनी फैल गई। उन्होंने बैंक मैनेजर को पूरी घटना की जानकारी दी। दूसरे शनिवार की छुट्टी के कारण बैंक बंद था। शिवकुमार को मैनेजर ने सोमवार को बैंक बुलाया है। नवादा में भी एक महिला के खाते में 740 करोड़ रुपए आ गए थे।

शिव कुमार पटेल ने बताया कि वह कई सालों से रिक्शा चलाकर जीवन यापन करते हैं। अभी भी वह दिन भर ई-रिक्शा ही चलाते हैं। उनके खाते में वृद्धा पेंशन के अलावे कोई राशि नहीं रहती है। 10 जुलाई को सरकार की ओर से 1100 रुपए उन्हें बतौर पेंशन भेजे गए थे। 1 हजार की राशि निकालने के लिए वह अपने नजदीकी सीएसपी सेंटर गए थे। एक हजार निकालने के बाद उनके मोबाइल पर जो मैसेज आया उसे पढ़कर उनका दिमाग हिल गया।

सेंट्रल बैंक में खाता

शिवकुमार पटेल का खाता सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में है। बागेश्वरी मोहल्ले में स्थित ग्राहक सेवा केंद्र से उन्होंने एक हजार रुपए निकाले थे। उसके बाद खाते में 759 करोड़ से अधिक रुपए देखकर वे घबरा गए। वहां मौजूद कुछ लोग उनका मजाक भी उड़ाने लगे। लेकिन, शिवकुमार घबराहट में थे। उन्होंने सीएसपी संचालक की मदद से बैंक मैनेजर को फोन करके मामले की जानकारी दी। हालांकि, दूसरे शनिवार को बैंक बंद था। मैनेजर ने उन्हें किसी भी प्रकार का लेन देन नहीं करने और मोबाइल सुरक्षित रखने की सलाह दी। सोमवार को शिवकुमार बैंक जाएंगे तब पता चल पाएगा कि इतनी बड़ी राशि कहां से आ गई। इस बीच, यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

बैंकिंग के जानकारों का मानना है कि तकनीकि भूल के कारण राशि शिवकुमार के खाते में चली गई है। इससे खाताधारक को कोई परेशानी नहीं होगी। हालांकि, बैंक यह पता लगाएगी कि करोड़ों की रकम खाते में कहां से आई। कहीं, शिवकुमार के खाते का म्यूल अकाउंट के तौर पर कोई इस्तेमाल तो नहीं कर रहा है। शिवकुमार पटेल ने बताया कि इस मामले की जानकारी वे पुलिस को भी देंगे। उन्हें इन पैसों से कुछ लेना देना नहीं है। वह पैसे को अपने पास रखना भी नहीं चाहते।

 

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!